सहारनपुर। शनिवार को ही अग्निवीर भर्ती रैली में अमरोहा जिले के अभ्यर्थियों ने दम दिखाया। दौड़ में 810 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की। रविवार को रामपुर जिले के अभ्यर्थी भर्ती रैली में भाग लेंगे।
सेना द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार अमरोहा जनपद की अमरोहा, हसनपुर एवं नौगांवा सादात तहसील के अभ्यर्थियों की अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की गई। इस दौरान कुल 1,045 अभ्यर्थियों को दौड़ के लिए बुलाया गया। इसमें से 960 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। दौड़ परीक्षा में 810 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की। इसके बाद सभी अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा और मेडिकल परीक्षण कराया गया। साथ ही दस्तावेजों की भी गहनता से जांच की गई।
रविवार को रामपुर जिले की धनौरा, स्वार, टांडा, बिलासपुर, रामपुर सदर, शाहाबाद, मिलक तहसील के अभ्यर्थियों की दौड़ होगी। सोमवार को बुलंदशहर जिले की सिकंदराबाद और शिकारपुर तहसील के अभ्यर्थियों की दौड़ कराई जाएगी। स्टेडियम में नौ सितंबर तक अलग-अलग जिले के अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए बुलाया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से स्टेडियम के आसपास पर्याप्त संख्या में सेना के साथ पुलिसबल के जवान तैनात किए गए हैं।
बोले अभ्यर्थी
- अमरोहा सदर तहसील निवासी शैलेंद्र यादव ने बताया कि अपने साथियों के साथ सेना में भर्ती होने के लिए आए हैं। देश सेवा का वह कोई भी मौका नहीं छोड़ेंगे।
- अमरोहा सदर तहसील निवासी रवींद्र यादव ने बताया कि बचपन से ही उनके भीतर देश सेवा का जज्बा है। अपने गांव के ही कई लोगों ने फौज में रहकर सेवा की है। उनसे प्रेरणा मिलती है।
- अमरोहा सदर तहसील निवासी योगेश कुमार ने बताया कि अपने साथियों के साथ देश सेवा का प्रण लिया है।
- अमरोहा के पंजू सराय निवासी शरद कुमार ने बताया कि अग्निवीर भर्ती रैली के लिए काफी दिनों से तैयारी कर रहे थे। लिखित परीक्षा में सफल होने से उत्साह चरम पर है। अन्य मापदंडों पर भी खरा उतरेंगे।