सहारनपुर में केंद्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 मई को सहारनपुर में विकास पर्व रैली करेंगे। वह दिल्ली से हवाई जहाज द्वारा सरसावा एयरफोर्स स्टेशन पहुंचेंगे।
वहां से हेलीकॉप्टर के माध्यम से रैली स्थल पर बने हैलीपेड पर लैंड करेंगे। विकास पर्व रैली को वह पूरे 80 मिनट यानी एक घंटा 20 मिनट देंगे। जिला प्रशासन को मिले प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 मई की अपराह्न तीन बजकर 45 मिनट पर दिल्ली एयरपोर्ट से हवाई जहाज में रवाना होंगे।
उनका हवाई जहाज सरसावा एयरफोर्स स्टेशन पर चार बजकर 25 मिनट पर लैंड करेगा। चार बजकर 30 मिनट पर वह हेलीकॉप्टर से दिल्ली रोड स्थित कोसमोस मैदान पर बने रैली स्थल के लिए रवाना होंगे, जो चार बजकर 50 मिनट पर रैली स्थल के पास बने हैलीपेड पर लैंड करेंगे।
हैलीपेड से चार बजकर 55 मिनट पर वह रैली स्थल के लिए रवाना होंगे, जो ठीक पांच बजे रैली स्थल पर पहुंच जाएंगे। यहां वह विकास पर्व रैली में जनसमूह को संबोधित करेंगे, जिसमें वह अपनी सरकार के दो साल के कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी देंगे।
छह बजकर 20 मिनट पर वह रैली खत्म करेंगे। छह बजकर 25 मिनट पर वह कार्यक्रम स्थल से हैलीपेड के लिए निकलेंगे। छह बजकर 30 मिनट पर वह हैलीपेड पर पहुंचेंगे, जहां से छह बजकर 35 मिनट पर उनका हेलीकॉप्टर उड़ान भरेगा।
छह बजकर 55 मिनट पर वह सरसावा एयरफोर्स स्टेशन पहुंचेंगे। वहां से शाम सात बजे वह हवाई जहाज से दिल्ली एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारी तेज की हुई है।