Narendra Modi's rally officials to the meeting.
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 मई को सहारनपुर में विकास पर्व रैली करेंगे। प्रधानमंत्री की सुरक्षा पूरी तरह से अभेद्य रहेगी, जिसमें दो हजार से अधिक पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहेंगे।
साथ ही करीब चार सौ पुलिस अधिकारी मौके पर रहेंगे। एसएसपी प्रदीप कुमार यादव लगातार रैली स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। सोमवार को एसओजी और आईजी के साथ उनकी रैली स्थल पर बैठक भी होगी।
प्रधानमंत्री की रैली में अभी तीन दिन का समय शेष है, मगर प्रशासन और पुलिस रैली के सफल आयोजन की तैयारी में जुट गए हैं। एसएसपी प्रदीप कुमार यादव रविवार को अधिकारियों की टीम के साथ रैली स्थल पर पहुंचकर सुरक्षा का जायजा लिया।
सोमवार को आईजी और दिल्ली से एसओजी की टीम सहारनपुर पहुंच रही है। वह एसएसपी और अन्य अधिकारियों के साथ रैली स्थल का दौरा कर बैठक करेंगे, जिसके बाद प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था फाइनल कर दी जाएगी।
एसएसपी द्वारा की गई सुरक्षा व्यवस्था में 1100 सिपाही, दस कंपनी पीएसी, 250 सब इंस्पेक्टर, 85 निरीक्षक, 34 सीओ, 16 एएसपी, नौ पुलिस अधीक्षक शामिल हैं, जिनके लिए उन्होंने उच्चाधिकारियों को लिखा है।