- महिला अस्पताल के हौसला प्रशिक्षण केंद्र में हुआ अभ्यर्थियों का साक्षात्कार
- सरकारी अस्पतालों में 14 पदों पर होनी है आयुष चिकित्सकों की तैनाती
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। सरकारी अस्पतालों में 14 पदों पर आयुष चिकित्सकों की तैनाती के लिए दो दिन में 79 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार दिया है, जबकि 61 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इन अभ्यर्थियों को दोबारा मौका नहीं मिलेगा।
दरअसल, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) ने बीते साल जिले में 14 आयुर्वेद चिकित्सकों की भर्ती का फैसला लिया था। इसके करीब 486 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। आवेदनों की कई बार जांच हुई थी। मेन स्ट्रीमिंग ऑफ आयुष कार्यक्रम में आयुष मेडिकल ऑफिसर के पांच पदों पर तैनाती होगी। इसके अलावा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम में नौ पदों पर आयुष मेडिकल ऑफिसर तैनात किए जाएंगे।
महिला अस्पताल के हौसला प्रशिक्षण केंद्र में एडीएम वित्त एवं राजस्व सलिल पटेल, मुख्य कोषाधिकारी सूरज कुमार, सीएमओ डॉ. प्रवीण कुमार, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. रामकृपाल, प्रमुख अधीक्षक डॉ. सुधा कुमारी, सीएमएस डॉ. इंद्रा सिंह, डीपीएम खालिद हुसैन व डैम ज्ञानेंद्र शुक्ला ने साक्षात्कार लिया। सोमवार को 70 अभ्यर्थियों को बुलाया था, जिनमें से 38 उपस्थित हुए। 32 अभ्यर्थी पहुंचे थे।
इसी तरह मंगलवार को 70 में से 41 अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि 29 गैरहाजिर रहे। 24 जुलाई तक 271 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार होगा। साक्षात्कार के अंतिम दिन 61 अभ्यर्थियों को बुलाया है। 215 अभ्यर्थियों के आवेदनों में कमी मिलने पर निरस्त कर दिया था।