जिला अस्पताल में को वैक्सीन का टीका लगवाते डीएम अखिलेश सिंह
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। डीएम, नगरायुक्त तथा एडीएम-प्रशासन और एडीएम वित्त एवं राजस्व सहित कुल 785 लोगों ने शुक्रवार को कोरोना रोधी टीके की दूसरी डोज ली। इसके अलावा 6296 के सापेक्ष 3437 लोगों ने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज का टीका लगवाया।
टीकाकरण के लिए जनपद में 31 केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर शुक्रवार को प्रथम पंक्ति के 904 कर्मचारियों को कोरोना वैक्सीन का दूसरी बार टीका लगाया जाना था। इनमें से 785 लोगों ने केंद्रों पर पहुंचकर दूसरी बार टीका लगवाया। इनमें डीएम अखिलेश सिंह, नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह, एडीएम प्रशासन एसबी सिंह और एडीएम वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार आदि शामिल रहे। दूसरी बार टीका लगवाने वालों का प्रतिशत 86.8 रहा। उधर, तीसरे चरण में शामिल 6296 वरिष्ठ नागरिकों तथा 45 से 59 वर्ष की आयु के बीमार लोगों को कोरोना वैक्सीन का पहली बार का टीका लगाया जाना था, जिनके सापेक्ष 3437 लोगों ने केंद्रों पर पहुंचकर टीका लगवाया। पहली बार टीका लगवाने वालों का प्रतिशत 54.6 रहा। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बीएस सोढी ने शुक्रवार का टीकाकरण सफलतापूर्वक संपन्न होने की बात कही।