सहारनपुर। चार दिनों तक चलने वाले छठ पर्व की शुरुआत नहाय-खाय के साथ हुई। महिलाओं ने नए वस्त्र धारण कर भगवान सूर्यदेव की पूजा-अर्चना की। नहाय-खाय पर कद्दू की सब्जी का सेवन किया। पर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना की परंपरा होगी। घाट पर पूजा के वेदी बनाई गई। साथ ही उन्हें सुंदर रंगों से सजाया गया।
छठ पर्व को लेकर व्रती महिलाओं में खासा उत्साह है। महिलाओं ने घरों में तरह-तरह के पारंपरिक पकवान तैयार किए। सुबह से ही घरों में छठ पूजा की तैयारियां देखने को मिलीं। कहीं महिलाएं पकवान बनाने में जुटी नजर आईं तो कहीं मेहंदी लगाकर पर्व की खुशियां मनाती दिखाई दीं। नहाय-खाय के इस विशेष दिन पर महिलाएं स्नान के बाद शुद्ध सात्विक भोजन के रूप में लौकी की सब्जी और चावल ग्रहण कर चार दिवसीय छठ महापर्व के व्रत की शुरुआत की।
पर्व के दूसरे दिन खरना होगा। इस दौरान महिलाएं सूर्यास्त के बाद गुड़, दूध की खीर आदि पकवान बनाएंगी। सूर्यदेव को भोग अर्पित कर प्रसाद ग्रहण करेंगी। इसी के साथ महिलाओं का 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा। रविवार को डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके बाद 16 नवंबर सोमवार को उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ पर्व का समापन होगा।
- पूर्वांचल कल्याण सभा ने घाट पर लिया सफाई का जायजा
सहारनपुर। पूर्वांचल कल्याण सभा ने छठ पर्व को लेकर घाटों पर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। पांवधोई नदी घाट पर छठ पूजा को लेकर नगर निगम की ओर से सफाई कराई जा रही है। सभा के अध्यक्ष दानिश आजम ने बताया कि छठ महापर्व शुक्रवार से शुरू होकर चार दिनों तक चलेगा। नगर निगम की ओर से घाट पर साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं, जिससे श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। कार्यक्रम संयोजक अनिल पोद्दार और दशरथ गिरी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस दौरान प्रमोद पोद्दार, शिव प्रकाश गोस्वामी, राजेंद्र मेहता, सोन गिरी, कुलदीप पोद्दार, डॉ. सौरभ, श्याम बहादुर, आनंद पोद्दार, श्रीकांत पोद्दार, मुकेश गिरी, मनीष गोस्वामी, समित एवं मदन सहित सभा के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।