सहारनपुर। छह दिवसीय पोलियो अभियान में निर्धारित लक्ष्य से 75,491 अधिक बच्चों ने पोलियो की खुराक पी। इस अभियान के तहत 1344 टीमों ने 7.25 लाख से अधिक घरों का सर्वे किया। सोमवार को भी टीम बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएगी।
पाकिस्तान में 56 और अफगानिस्तान में 25 पोलियो के मामले सामने आए हैं। 27 अगस्त 2009 को गंगोह ब्लॉक के चोंडा में पोलियो का अंतिम मामला पाया गया था। पाकिस्तान, जो कि पड़ोसी देश है, वहां से आवागमन के कारण पोलियो का खतरा बना रहता है। जिले में पोलियो की रोकथाम के लिए 8 दिसंबर से विशेष अभियान शुरू हुआ था, जो 13 दिसंबर तक चला। इस अभियान के तहत 1875 बूथों पर पोलियो की दवा पिलाई गई। लक्ष्य के अनुसार शून्य से पांच साल तक के 5,30,421 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य था, जबकि इस अभियान में 6,05,912 बच्चों को दो बूंद जिंदगी की पिलाई गई, जो कि लक्ष्य से 75,491 अधिक हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि सोमवार को भी पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके लिए बी टीम को जिम्मेदारी दी गई है, जो उन बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगे, जो अभियान के दौरान छूट गए थे।