सहारनपुर। जेवी जैन कॉलेज में शुक्रवार से स्पोर्ट्स मेला 2019 का आगाज हुआ। पहले दिन बैडमिंटन प्रतियोगिता कराई गई, जिसमें अनेक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। पुरुषों में दिव्यम अरोड़ा और महिलाओं में नंदिनी चैंपियन बनी।
स्पोर्ट्स मेला का उद्घाटन कॉलेज की प्रबंध समिति सदस्य और वरिष्ठ बैडमिंटन खिलाड़ी देवेंद्र मित्तल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी चाहे वह महिला हो या पुरुष खेलों में प्रतिभाग करना चाहिए। इसके बाद मुकाबले कराए गए। पहले क्वार्टर फाइनल में हार्दिक ने गौरव को 21-16 के अंतर से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। दूसरे क्वार्टर फाइनल में दिव्यम अरोड़ा ने प्रबल को 21-15 के अंतर से हराकर सेमीफाइनल में एंट्री की। तीसरे क्वार्टर फाइनल में रोहित ने मुकुल तथा चौथे क्वार्टर फाइनल में हर्षित ने पीयूष को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में दिव्यम अरोड़ा ने हार्दिक तथा रोहित शर्मा ने हर्षित को हराकर फाइनल में जगह पाई। फाइनल मुकाबले में दिव्यम अरोड़ा ने रोहित शर्मा को 21-16 और 21-17 के अंतर से हराकर प्रतियोगिता जीती। महिलाओं की प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में नंदिनी शर्मा ने गार्गी धीमान और अनुषा पांडेय ने नव्या को हराकर फाइनल में एंट्री की। फाइनल मुकाबले में नंदिनी ने 21-17 और 21-19 के अंतर से जीत हासिल की। इस मौके पर प्राचार्य डॉ. पीके वार्ष्णेय, डॉ. मुकेश कुमार, डॉ. पंकज गुप्ता, डॉ. हरिओम गुप्ता, डॉ. ज्योति सिंह, डॉ. हरवीर सिंह, डॉ. विनोद कुमार, डॉ. अनुजा अग्रवाल, डॉ. लोकेश कुमार, डॉ. वंदना रूहेला, डॉ. संजीव तोमर, डॉ. पूनम शर्मा, डॉ. सीमा मिश्रा, डॉ. श्वेता बंसल, डॉ. संदीप गुप्ता मौजूद रहे।