गंगोह (सहारनपुर)। फाइनल बकाएदारी का बिल जमा कराने के बावजूद किसान को पौने पांच लाख से ज्यादा का बकाएदार घोषित करके विद्युत अधिकारियों ने उसका कनेक्शन काट दिया। जमा कराए गए बिल की रसीद होने के बावजूद पीड़ित किसान की कोई सुनाई नहीं हो पा रही है। अब पीड़ित किसान ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराकर न्याय की गुहार लगाई है।
गांव वजीरपुर निवासी किसान ऋषिपाल सैनी पुत्र कृष्णपाल सैनी ने मुख्यमंत्री के जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज कराई गई शिकायत में बताया कि उसने 14 अप्रैल 2018 को बकाया बिल फाइनल करते हुए 2 लाख 69 हजार 796 रुपये जमा कराए थे। जिसकी रसीद उसके पास मौजूद है। आरोप है कि पांच माह बाद जब उसके पास बिजली बिल आया तो उसके नाम उक्त पैसा भी बकाया के रूप में अंकित मिला। बिजलीघर जाने पर पता चला कि विद्युत निगम ने उक्त पैसा उसके खाते 280231 के बजाय किसी अन्य के खाते 280281 में जमा कर दिए। इसके बाद उसके नाम 4 लाख 85 हजार 590 रुपये बकाया दर्शाते हुए उसका कनेक्शन काट कर केबल साथ ले गए।
पीड़ित ने जब इसकी शिकायत एसडीओ से की तो उसकी समस्या का निस्तारण करने के बजाय उसे एक्सईएन नकुड़ के पास भेज दिया। वहां भी पीड़ित किसान की कोई सुनवाई नहीं हो सकी। आरोप है कि अब उसकी फाइल ही गायब होने की बात बताई जा रही है। मजबूर होकर पीड़ित किसान ने मुख्यमंत्री के जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर न्याय की गुहार लगाई है। एसडीओ राजेश कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। वे जानकारी करके जांच कराएंगे।