बेहट (सहारनपुर)। मिर्जापुर में चल रहे अंतरराज्यीय नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का सेकेंड राउंड शुरू हो गया है। सेकेंड राउंड का पहला मुकाबला मिर्जापुर पोल व गुमटी मलकपुर के बीच खेला गया, जिसमें मिर्जापुर ने जीत हासिल की। मैन ऑफ दी मैच जावेद इकबाल को दिया गया।
सोमवार की रात खेले गए मुकाबले में मिर्जापुर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 8 ओवरों में एक विकेट खोकर 157 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया, जिसमें शहजाद हुसैन ने तेज 11 गेंद में 3 छक्कों की मदद से 31 रन बनाए और शाहरुख की बोल पर कैच आउट हो गए। इसके बाद खेलने आए मतीन ने टीम के कप्तान का पूरा साथ निभाया। मतीन और कप्तान जावेद इकबाल की जोड़ी ने बिना अपना विकेट गवाए एक विशाल स्कोर खड़ा कर दिया, जिसमें जावेद इकबाल ने 9 छक्कों ओर 4 चौकों की मदद से 76 रन बनाए। दूसरे छोर पे खेल रहे मतीन ने भी 41 रन का योगदान दिया । मैच की दूसरी पारी में गुमटी मलकपुर की ओपनिंग जोड़ी ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए टीम के लिए 40 रन जोड़े। इसके बाद दो रन लेने के चक्कर में विकेट कीपर केसर अराफात की डायरेक्ट हिट ने ओपनर सलमान को रन आउट कर दिया। सलमान का स्थान लेने आए शाहरूख ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन कुछ खास नहीं कर पाए और आकिब की बोल पर 15 रन के निजी स्कोर पर मतीन के हाथों कैच आउट हो गए। इसके बाद तो गुमटी मलकपुर की टीम बिखर सी गई और एक के बाद एक विकेट गिरते गए। पूरी टीम 72 रन बनाकर पवेलियन लौट आई। शहजाद ने तीन विकेट चटकाए। जावेद इकबाल ने दो विकेट, अहसान और आकिब ने एक-एक विकेट हासिल कर टीम को आसान जीत दिलाई। इस मौके पर डॉ. रियाज, हाफिज साजिद, अफजल, इकबाल, डॉ. सना, साहबान अली, सैफ अली, अली खान, अब्दुस्लाम, चौधरी हुसैन, जुबैर मलिक, जावेद अफरीदी, साकिब मलिक, डॉ. शाहबाज, फैसल अराफात, सैफुल्ला, आकाश, मनोज कुमार, हाजी मुंशी नसीम, मुदस्सिर मलिक आदि मौजूद रहे।