सहारनपुर। गंगोह में एक महिला से पचास हजार रुपये की लूट की वारदात को अंजाम देने के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा एवं लूटी गई नगदी में से 11 हजार रुपये बरामद किए है।
गंगोह में 25 अक्तूबर को पीएनबी से पचास हजार रुपये निकालकर जा रही मोहल्ला कानून गोयान निवासी एक महिला से आर्य कन्या इंटर कॉलेज के पास दो लुटेरों ने लूट की थी। एसपी देहात विद्यासागर मिश्र ने बताया कि पुलिस तभी से लुटेरों की तलाश में लगी हुई थी। बुधवार को गंगोह पुलिस को बाढ़ी माजरा में लूट के आरोपियों के होने की सूचना मिली। सूचना पर गंगोह पुलिस मौके पहुंची और बाढ़ी माजरा के पास शेरमऊ मिल मार्ग पर घेराबंदी कर एक आरोपी को दबोच लिया। जबकि दूसरा आरोपी फरार होने में कामयाब हो गया।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम सर्वेज निवासी बाढ़ी माजरा बताया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा और लूटे गए रुपयों में से 11000 हजार रुपये बरामद किए। एसपी देहात ने बताया कि आरोपी सर्वेज पर गैंगेस्टर और लूट के पांच मामले दर्ज हैं।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि उसने अपने भाई सद्दाम के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पैसों को दोनों ने आपस में बांट लिया था। उसके हिस्से में 25000 हजार रुपये आए थे। जिनमें से फिलहाल सिर्फ 11000 रुपये बचे हैं। शेष खर्च हो गए। जबकि 25000 रुपए उसके भाई सद्दाम के पास हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है।