दौड़ में मेरठ के युवकों ने लगाया दम, पास हुए कम
सहारनपुर। सेना भर्ती मेले में शनिवार को मेरठ के युवकों ने जमकर दौड़ लगाई। लगभग सवा छह हजार युवक भर्ती में शामिल होने के लिए पहुंचे, लेकिन सिर्फ 313 युवा ही दौड़ की बाधा को पार कर अगले राउंड के लिए क्वालीफाई कर सके, जबकि करीब छह हजार युवक बाहर हो गए।
शनिवार को रिमाउंट डिपो के मैदान में सेना भर्ती मेले के आठवें दिन मेरठ जिले की सरधना तहसील एवं मेरठ तहसील के युवक पहुंचे। भर्ती अधिकारी कर्नल कुलदीप की देखरेख में शुक्रवार की रात से मेरठ के युवकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई। दोनों तहसीलों के 9848 युवकों ने सेना भर्ती के लिए पंजीकरण कराया था। जिनमें से 6364 युवक भर्ती में शामिल होने के लिए पहुंचे। मेरठ के युवकों ने जमकर दौड़ लगाई, लेकिन निर्धारित समय सीमा में सिर्फ 313 युवक ही अपनी दौड़ पूरी कर सके और अगले राउंड में प्रवेश किया, जबकि 6051 युवकों को दौड़ के बाद ही बाहर का रास्ता देखना पड़ा।
-----------
किसी का सिर फूटा, तो किसी का पैर टूटा
शनिवार को भर्ती प्रक्रिया में हुई दौड़ के दौरान अभ्यर्थियों ने दौड़ने में पूूूरा जोर लगा दिया। प्रत्येक ने दौड़ की बाधा को पार करने का पुरजोर प्रयास किया। इस दौरान कई युवक दौड़ते समय गिर पड़े। बताया जा रहा है कि एक के सिर में चोट लगी, जबकि कई युवकों के गिरने से पैरों में चोट लगी। एक युवक के पैर में फ्रैक्चर आ गया। जिसे स्ट्रेचर पर अस्पताल ले जाया गया।
पांच प्रतिशत से भी कम हो सके पास
भर्ती प्रक्रिया में जनपद मेरठ के युवकों ने दौड़ पूरी करने में पूरी जान लगा दी, लेकिन 6364 में से सिर्फ 4.9 प्रतिशत युवक की दौड़ की परीक्षा में पास हो सके। 95 प्रतिशत से अधिक युवा दौड़ में ही पिछड़ गए।
-------------
फिर मिले नशीली दवाओं के रैपर
रिमाउंट डिपो के मैदान में चल रही पुलिस भर्ती के दौरान शनिवार को मैदान के आसपास सेना के जवानों को कुछ नशीली दवाओं के रैपर मिले। जिसके बारे में कई युवाओं से पूछताछ की गई। बाद में रैपर पुलिस को सौंप दिए गए।
×××
आज सहारनपुर के युवाओं का नंबर
रविवार को सहारनपुर के युवाओं की बारी है। सहारनपुर की पांचों तहसीलों बेहट, सहारनपुर, नकुड़, देवबंद, रामपुर मनिहारन के युवक दौड़ में अपना भाग्य आजमाएंगे। सहारनपुर के 10462 युवकों ने पंजीकरण कराया है। शनिवार की रात से ही प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। रविवार को ही भर्ती की दौड़ परीक्षा का अंतिम दिन है। उसके बाद दो दिन मेडिकल परीक्षण होगा।