सहारनपुर। एशियाई खेलों में रजत पदक जीतने वाले आरटीएस एंड डिपो सहारनपुर के घुड़सवार जितेंद्र सिंह और राकेश कुमार का लौटने पर भव्य स्वागत किया गया। दोनों खिलाड़ियों को रेलवे स्टेशन से घोड़ा बग्गी में बिठाकर रिमाउंट डिपो तक जश्न मनाते हुए ले जाया गया। दोनों ही खिलाड़ियों का सपना ओलंपिक में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने का है।
शुक्रवार को दोनों खिलाड़ी ट्रेन के द्वारा दिल्ली से सहारनपुर पहुंचे। स्टेशन पहुंचकर डिप्टी कमांडेंट कर्नल एसएस भारद्वाज और मेजर आशीष ने दोनों का मालाएं पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद रिमाउंट डिपो के अधिकारी और खिलाड़ियों के साथी दोनों को बग्गी में बिठाकर नाचते झूमते हुए रिमाउंट डिपो पहुंचे। रिमाउंट डिपो में आयोजित समारोह में कमांडेंट कर्नल जेएस मान के द्वारा दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी गई। इसके साथ ही उनके प्रदर्शन की सराहना भी की। जितेंद्र और राकेश ने ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने को अपना सपना बताया। इस मौके पर रिमाउंट डिपो के अनेक अधिकारी और साथी घुड़सवार मौजूद रहे।