मंडलीय सम्मेलन में पहुंचने की अपील
रामपुर मनिहारान। महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की बैठक में जिला महामंत्री पूनम शर्मा ने कहा कि 12 जुलाई को संघ का मंडल स्तरीय सम्मेलन जिला मुख्यालय पर होगा। इसमें अपनी मांगों को लेकर आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने संघ से जुड़ी सभी महिलाओं का आह्वान किया कि वह सम्मेलन को सफल बनाने के लिए बड़ी संख्या में पहुंचें।
तहसील परिसर में आयोजित संघ की बैठक में पूनम ने कहा कि उनकी मांगों को लेकर सरकार चिंतित नहीं है। अपनी मांगों को लेकर संघ के नेतृत्व में आंगनबाड़ी लगातार संघर्षरत हैं। मगर उनकी मांगों को आज तक पूरा नहीं किया गया है जबकि आंगनबाड़ियों से अन्य कार्य भी लिए जा रहे हैं। इसके बाद भी उनका मानदेय नहीं बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों को लेकर जिला मुख्यालय पर 12 जुलाई को मंडल स्तरीय सम्मेलन होगा। इसमें प्रत्येक आंगनबाड़ी को अपनी ताकत का प्रदर्शन करते हुए हिस्सा लेना चाहिए। बैठक में पुष्पा देवी, नसरीन, संयोगिता, साधना गुप्ता, शर्मिला, अंजल रानी, ममता, बबीता, संगीता, अरूणा सैनी आदि मौजूद रहीं।