सहारनपुर। अंबाला रोड स्थित बड़ी नहर में नहाते समय सिर में चोट लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। चंडीगढ़ पीजीआई में उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
थाना जनकपुरी क्षेत्र के मोहल्ला मंगल नगर निवासी 18 वर्षीय रितिक पुत्र सुरेंद्र कुमार आठ दिन पूर्व अंबाला रोड स्थित बड़ी नहर में नहाते समय सिर में चोट लगने से घायल हो गया था। पुलिस के मुताबिक परिजन पहले उसे दिल्ली रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले गए थे। वहां से रेफर कर दिए जाने पर युवक को पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया। थाना कुतुबशेर इंस्पेक्टर दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि नहर में नहाते समय सिर में चोट लगने से रितिक घायल हो गया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।