सहारनपुर। रमजान माह के दूसरे जुमे की नमाज अकीदत के साथ अदा की गई। नमाज के दौरान देश में खुशहाली और अमन चैन की दुआ मांगी गई। व्यापारियों द्वार सहयोग किए जाने पर मुस्लिम समाज ने आभार जताया है।
शुक्रवार को चौक फव्वारा स्थित जामा मस्जिद में दूसरे जुमे की नमाज इमाम मुफ्ती अरशद गोरा ने अदा कराई। हजारों की संख्या में मुस्लिम समाज के लोग शामिल रहे। जामा मस्जिद के अलावा पुरानी जामा मस्जिद चूड़ी बाजार, मस्जिद कमंगारान नखासा बाजार, मस्जिद चौकी सराय, मस्जिद ख्वाजा वाली चौकी सराय, मस्जिद मंगलो वाली देहरादून चौक, मस्जिद शाहजानी खानआलमपुरा, मस्जिद किले वाली, मस्जिद लिंक रोड, मस्जिद बड़ी सराय, मस्जिद हलवाईयान नखासा बाजार, मस्जिद शेखों वाली, मस्जिद दर्जियान लक्खी गेट प्रथम, मस्जिद घंटाघर, मस्जिद अंसरियान, मस्जिद मालियान, मस्जिद शाहबिलोल, मस्जिद जालवाली शाह विलायत, मस्जिद शिराजा में नमाज अदा की गई। नमाज के बाद मुल्क की खुशहाली की दुआ मांगी गई।
उधर, चौक फव्वारा पर भीड़ को देखते हुए नमाज के दौरान अपनी दुकानों के बाहर रखा सामान हटाने और दुकानें बंद करने पर जामा मस्जिद के प्रबंधक मौलवी फरीद सहित मुस्लिम समाज के लोगों ने व्यापारियों का आभार जताया। माजिद खान, चांद खान, आकिब अली, मो. आरिफ खान, खलीफा गुफरान, यूनुस, डा. योगेंद्र, ब्रित चावला, अशोक मलिक, आकाश शर्मा, शहजाद अहमद, नौशाद आदि का सहयोग रहा।
नगरायुक्त ने देखी की व्यवस्था
सहारनपुर। नवागत नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने नमाज से पूर्व जामा मस्जिद पहुंचकर व्यवस्था देखी। खामियां मिलने पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए। इसके साथ ही पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए।
विद्युत कटौती से रोजेदारों में रोष
सहारनपुर। सहरी के समय हो रही विद्युत कटौती से रोजेदारों में आक्रोश है। चौकी सराय निवासी इंतजार खान का कहना है कि सहरी के समय रोजाना विद्युत कटौती की जा रही है, जिससे रोजेदारों को परेशानी उठानी पड़ रही है। नखासा बाजार खिनवासी शमीम अंसारी, जुल्फकार, मोबिन खान ने कहा कि मुख्यमंत्री के आदेशों के बावजूद विद्युत निगम रमजान माह में विद्युत कटौती कर रहा है। सीएम को पत्र लिखकर शिकायत की जाएगी।