सहारनपुर। मौसम का मिजाज बदला और गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू किए तो बिजली की हालत बिगड़ने लगी। तीन दिन से पारा चढ़ते ही बिजली की कटौती होनी शुरू हो गई। दोपहर में ही लगभग पांच घंटे तक की कटौती होने लगी है, जबकि सहारनपुर में निर्बाध बिजली आपूर्ति के निर्देश हैं।
तीन दिन से गर्मी तेजी से बढ़ रही है। बुधवार को दोपहर में तो पारा 40 डिग्री के पार जा पहुंचा। बृहस्पतिवार को भी तापमान 38 डिग्री तक पहुंचा। गर्मी के इस तेवर ने जहां लोगों का पसीना निकाल दिया, वहीं बिजली की भी स्थिति बिगड़नी शुरू हो गई है। तीन दिन से बिजली के लगातार कट लग रहे हैं। दोपहर और शाम को ही नहीं दोपहर में भी घंटों कट लग रहे हैं। बुधवार को जहां पांच घंटे बिजली की कटौती रही, वहीं बृहस्पतिवार को तो कुछ क्षेत्रों में बुरा हाल रहा। यही नहीं लाइन शिफ्टिंग के लिए सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक लगे कट के दौरान लोगों का भीषण गर्मी में बुरा हाल हो गया। इनवर्टर तक बंद हो गए। जबकि अन्य क्षेत्रों में भी लगभग पांच घंटे की कटौती की गई। देहात क्षेत्र में तो काफी बुरा हाल है। गांवों को सिर्फ 10 घंटे ही बिजली सप्लाई मिल पा रही है। जबकि गांवों में 16 से 18 घंटे सप्लाई दिए जाने के निर्देश हैं।
----------------
--। विद्युत भार बढ़ा तो कम हो गई आपूर्ति
विद्युत निगम के अधिकारियों का कहना है गर्मियों में बिजली की डिमांड बढ़ जाती है। लोगों के यहां विद्युत उपकरण भी बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे में विद्युत भार बढ़ जाने से सप्लाई में कुछ फर्क पड़ जाता है। इसके साथ ही अधिक भार हो जाने पर फाल्ट भी आ जाते हैं। ट्रांसफार्मर पर भार कम करने के लिए भी कट लगाने पड़ रहे हैं।
-------------
--। फाल्ट होने पर ही लग रहा है कट
विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता रविंद्र कुमार गुप्ता का कहना है कि स्थानीय स्तर से कम से कम कटौती किए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। फाल्ट होने पर ही शट डाउन लेना पड़ता है। अधिक से अधिक सप्लाई दिए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं।