मछरौली के किसान ने खोला गेहूं खरीद का खाता
सहारनपुर। गंगोह ब्लाक के गांव मछरौली के किसान राम नारायण ने जिले में मंगलवार को सरकारी क्रय केंद्र पर सबसे पहले गेहूं बेचा जबकि जनपद के अन्य क्रय केंद्रों पर अभी तक गेहूं की खरीद शुरू नहीं हुई है। क्षेत्रीय विपणन अधिकारी ने सबसे पहले गेहूं लाने वाले किसान का माला पहनाकर स्वागत किया।
मंगलवार को गंगोह के नवीन मंडी स्थल पर स्थित सरकारी गेहूं क्रय केंद्र पर गांव मछरौली के किसान रामनारायण ने सीजन में सबसे पहले 26 क्विंटल गेहूं तौलवाकर बाजी मारी। प्रदेश में किसानों को गेहूं का समर्थन मूल्य दिलाने के लिए सरकारी क्रय केंद्र एक अप्रैल से खरीद शुरू हो जाती है। जनपद में आमतौर पर 15 अप्रैल के बाद ही क्रय केंद्रों पर गेहूं आता है। बारिश होने के बाद गेहूं की कटाई और थ्रेसिंग भी लेट हो गई है। जिले में सरकारी खरीद करने के लिए 98 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। जिन पर बारदाना से लेकर इलेक्ट्रोनिक कांटे तक की व्यवस्था की जा चुकी है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी प्रिंस चौधरी ने बताया कि मछरौली गांव के किसान राम नारायण ने सबसे पहले गंगोह मंडी स्थित क्रय केंद्र पर 26 क्विंटल गेहूं तौल कराया गया है। विपणन अधिकारी मनोज कुमार गौतम ने गेहूं बेचने वाले किसान का माला पहनाकर स्वागत किया।