शिक्षक संघ के नए पदाधिकारियों ने ली शपथ
सहारनपुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ का शपथ ग्रहण समारोह शिक्षक भवन पर हुआ। पिछले दिनों चुने गए ब्लॉक स्तरीय पदाधिकारियों को जिलाध्यक्ष संदीप पंवार के द्वारा शपथ दिलाई गई। संदीप पंवार ने शिक्षक समस्याओं को प्रमुखता से उठाने की अपील नए पदाधिकारियों से की।
संगठन ने पिछले दिनों सभी 11 ब्लॉक कार्यकारिणी का चुनाव कराया था, जिसमें ब्लॉक अध्यक्ष, मंत्री, कोषाध्यक्ष चुने गए थे, जिन्हें रविवार को शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रमेंद्र कुमार सिंह ने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माता बताया। साथ ही शिक्षकों से बेसिक शिक्षा की सूरत बदलने के लिए और मेहनत के साथ काम करने को कहा। आश्वासन दिया कि भविष्य में भी शिक्षकों से संबंधित जिन भी समस्याओं का निस्तारण उनके स्तर से होगा, उसमें देरी नहीं होगी। कार्यक्रम में राजीव यादव, अरविंद यादव, राकेश पंवार, संजय सैनी, कृष्णपाल, सेठपाल सिंह, मो. नासिर, तेजपाल सिंह, सतीश राणा, कुंवर सिंह, गजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
चुनाव को असंवैधानिक करार दिया
सहारनपुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के दूसरे गुट ने मंडलीय मंत्री मुकेश शर्मा की अध्यक्षता में बैठक की। जिला मंत्री डॉ. संजय शर्मा ने संदीप सिंह पंवार द्वारा पिछले दिनों कराए गए ब्लॉकों के चुनाव को असंवैधानिक करार दिया। कहा कि वर्तमान में संदीप सिंह जिलाध्यक्ष नहीं हैं। उन्होंने संगठन के खातों में गड़बड़ी की हुई है। ऐसे में उन्हें चुनाव भी कराने का कोई अधिकार नहीं था। मगर उन्होंने चुनाव कराया। आरोप लगाया कि वह शिक्षकों को भ्रमित कर रहे हैं। संदीप पंवार की शिकायत प्रांतीय नेतृत्व से की गई है। प्रांतीय नेतृत्व उनकी जांच करा रहा है। उधर, संदीप पंवार का कहना है कि प्रांतीय नेतृत्व उसके साथ है, जो लोग उनपर आरोप लगा रहे हैं वह खुद गलत हैं।