बेटा-बेटी में भेदभाव न करने का संदेश दिया
देवबंद (सहारनपुर)। भायला पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना के शिविर में दूसरे दिन छात्रों ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जागरूकता रैली निकाली। इसमें बेटा-बेटी में भेद न करने और बेटियों की शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक में किसी तरह का पक्षपात न करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम अधिकारी डा. राजेश कुमार के नेतृत्व में छात्रों ने भायला गांव में रैली निकाली। अध्यक्ष श्याम कुमार रावत ने कहा कि वर्तमान में बेटों और बेटियों में कोई अंतर नहीं है। आज बेटियां शिक्षा से लेकर पुरुषों के वर्चस्व वाले क्षेत्रों में भी आगे बढ़ रही हैं। इसलिए बेटियों को आगे बढ़ने का मौका दें।
प्राचार्य डा. बीएस यादव ने कहा कि समाज में कन्या भ्रूण हत्या की घटनाएं अब तक कम नहीं हो रही हैं। इसलिए हम सभी का कर्तव्य है कि अपने आसपास के लोगों को जागरूक करें। इस बुराई से हम सभी को बचना चाहिए। डा. लोकेंद्र कुमार ने कहा कि आज देश में ही नहीं विदेशों में भी महिलाएं उच्च पदों पर कार्य कर रही है। इसलिए हमें बेटा-बेटी में भेदभाव नहीं करना चाहिए। कार्यक्रम सहायक कुलदीप सिंह व नेपाल सिंह ने कहा कि आज का युग नारी शक्ति का युग है। हमें नारी जाति को सम्मान देना होगा तभी हम उन्नति कर सकेंगे। इस मौके पर आकाश, धारणा, फैसल, नीरज, सोनू आदि रहे।