अंबेहटा (सहारनपुर)। पार्टी के जिला नेतृत्व पर टिकट वितरण में स्थानीय कमेटी की अवहेलना का आरोप लगाते हुए बहुजन समाज पार्टी की स्थानीय यूनिट ने बगावत का बिगुल बजा दिया है। पार्टी की स्थानीय कमेटी ने पार्टी के सभी पदों से सामूहिक त्यागपत्र देते हुए निकाय चुनाव में अलग प्रत्याशी उतारने की घोषणा कर दी है।
बुधवार को मोहल्ला नयाबांस में बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं की बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में सेक्टर अध्यक्ष डा बिंदरपाल कल्याण ने बताया कि कार्यकर्ताओं की मर्जी के विरुद्ध पार्टी ने निकाय चुनाव में ऐसे व्यक्ति को टिकट देकर अपना प्रत्याशी बनाया है जिसका पार्टी से कभी कोई ताल्लुक नहीं रहा। उन्होंने कहा कि स्थानीय यूनिट निकाय चुनाव में जिताऊ प्रत्याशी को टिकट दिलाना चाहती थी परंतु पार्टी नेताओं की हठधर्मिता के कारण ऐसा चेहरा चुनाव में उतारा है जो न तो पार्टी के प्रति निष्ठावान है और न ही उसने पार्टी गतिविधियों में कभी हिस्सा लिया। पार्टी की स्थानीय यूनिट ने पार्टी के सभी पदों से त्याग पत्र देने का फैसला कर अपने निर्णय से पार्टी के जिलाध्यक्ष को अवगत करा दिया है। साथ ही बागी हुए कार्यकर्ताओं ने निर्दलीय प्रत्याशी को लड़ाने का भी एलान किया है। पार्टी से जिन लोगों ने इस्तीफ दिया है उनमें सेक्टर अध्यक्ष डॉ. बिंदरपाल कल्याण, महासचिव राधेश्याम कश्यप, अमित कुमार, अहबाब, कोषाध्यक्ष महफूज अंसारी के अलावा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हैं। बसपा की स्थानीय यूनिट के इस फैसले से कई उम्मीदवारों के समीकरण भी बिगड़ते दिख रहे हैं। बैठक में मन्नू, सोनू कश्यप, सुशील, जसवंत, मोतीराम, नीटू, विकास, सुखबीर, राजकुमार, कंवरपाल, पारूल आदि रहे।