करंट से युवक की मौत, विरोध में हंगामा
गंगोह (सहारनपुर)। गांव बीनपुर में लापता हुए युवक की करंट लगने से मौत हो गई। उसका शव सुबह खेतों में पड़ा मिला। परिजनों का कहना है कि अवैध रूप से डाले गए बिजली के तारों की चपेट में आकर उसकी मौत हुई है। उन्होंने युवक की मौत पर प्रशासन से मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा किया। मौके पर पहुंचे तहसीलदार के आश्वासन के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। युवक के परिजनों की ओर से तीन भाइयों के खिलाफ गैरइरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
गंगोह कोतवाली के गांव निवासी 35 वर्षीय अनिल पुत्र बलजीत बुधवार शाम घर से निकला था। इसके बाद वह घर पर वापिस नहीं पहुंचा। परिजनों ने उसकी तलाश की परंतु उसका कुछ पता नहीं चला। बृहस्पतिवार सुबह गांव के दूसरे छोर पर खेतों में उसका शव पड़ा मिला। शव पर करंट से झुलसने के निशान थे और ऊपर से एक अवैध रूप से डाले गए नंगे विद्युत तार भी गुजर रहे थे। परिजनों और ग्रामीणों ने अनिल की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए और मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेना चाहा लेकिन परिजन तत्काल मुआवजा दिए जाने की मांग पर अड़ गए। इसके बाद एसडीएम ने तहसीलदार रामदयाल रमन को मौके पर भेजा। उन्होंने परिजनों को आश्वासन दिया कि वह मुआवजे के लिए शासन को रिपोर्ट भेजेंगे। इसके बाद शव पुलिस को सौंप दिया गया। विद्युत निगम के एसडीओ रवि कुमार ने भी बिना अनुमित तार डाल कर बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है।
उधर, गांव कुंडाकलां निवासी हाजी वकील की दुधारू गाय अचानक टूटकर गिरे विद्युत तार की चपेट में आ गई। करंट लगने से उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों हाजी वकील, राव हामिद, आरिफ राणा, राव अशफाक, ग्राम प्रधान गुलफाम, राव इकबाल, तोहीद, मतलूब आदि का कहना है कि विद्युत तार बिल्कुल जर्जर हो चुके हैं और अक्सर टूट जाते है। पूर्व में भी अनेक बार हादसों में जानमाल का नुकसान हो चुका है। ग्रामीणों ने पीड़ित को मुआवजा देने और जर्जर तारों को बदलवाने की मांग की।