सहारनपुर। जिले के 62 हजार से अधिक लाभार्थियों को महीने के अंत तक सहायता राशि के रूप में करीब 14 करोड़ रुपये की किस्त मिलेगी। सरकार कन्या सुमंगला योजना के तहत बेटी के जन्म से लेकर उच्च शिक्षा हासिल करने तक छह किस्तों में कुल 25 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान करती है।
योजना के तहत बेटी का जन्म होने पर सरकार एकमुश्त पांच हजार रुपये अभिभावकों के खातों मे डीबीटी के जरिए भेजती है। इसके बाद टीकाकण पूर्ण होने पर दो हजार रुपये की दूसरी किस्त मिलती है। बेटी के कक्षा एक में प्रवेश लेने पर सरकार तीसरी किस्त के रूप में तीन हजार रुपये की राशि प्रदान करती है। चौथी किस्त के रूप में सरकार तीन हजार रुपये भेजती है। बेटी के कक्षा छह में प्रवेश लेने पर यह किस्त मिलती है। पांचवीं किस्त पांच हजार रुपये की अभिभावकों के खाते में तब भेजी जाती है, जब बेटी कक्षा नौ में प्रवेश लेती है। कक्षा दस या स्नातक में प्रवेश लेने पर सरकार की ओर से अभिभावकों के खाते में सात हजार रुपये की राशि भेजी जाती है। सरकार पहले योजना के तहत 15 हजार रुपये की सहायता प्रदान करती थी। इसे बढ़ाकर अब 25 हजार रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा योजना के लाभ का दायरा बढ़ाने के लिए सरकार ने इसकी पात्रता की श्रेणी में भी बदलाव किया है। योजना में आवेदन के लिए आवेदक की न्यूनतम आय वार्षिक तीन लाख रुपये से कम होनी जरूरी है।
जिला प्रोबेशन अधिकारी अभिषेक पांडेय ने बताया कि योजना में पात्र आवेदक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना के तहत पात्रों को सहायता राशि सीधे उनके खाते भेजी जाती है।