मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग
सहारनपुर। कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र स्थित टैगोर गार्डन से लापता हुई विवाहिता रितु शर्मा का पांच दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। उधर, रितु के ससुरालियों ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर गुहार लगाई कि मामले में निष्पक्ष जांच कराई जाए।
इस मामले में रितु शर्मा के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर शक जताया था। आरोप लगाया था कि साजिश के तहत रितु को लापता किया गया है। इसी के चलते पुलिस ने रितु के पति को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की।
उधर, शनिवार को टैगोर गार्डन निवासी कमलेश शर्मा ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसके भांजे सचिन शर्मा की पत्नी गत 11 मार्च को लापता हो गई थी। इस मामले में सदर कोतवाली पुलिस जांच कर रही है। आरोप है कि मायके वालों के दबाव में आकर पुलिस निष्पक्ष जांच नहीं कर रही है। कमलेश का कहना है कि कुछ बातें ससुराल पक्ष की तरफ से छिपाई जा रही हैं, जिनका पुलिस को पता लगाना चाहिए तथा घर के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगालनी चाहिए। एसएसपी ने सीओ सिटी को जांच करने का निर्देश दिया है।