सहारनपुर। विद्युत निगम में एक और कर्मचारी पर गड़बड़ी का आरोप लगा है। मामला जांच में सही पाए जाने पर कर्मचारी को निलंबित कर दिया गया है। जबकि कार्य में लापरवाही के चलते दो कर्मचारियों का स्थानांतरण किया गया है।
विद्युत निगम में एक के बाद एक करके गड़बड़ी के कई मामले सामने आ रहे हैं। इस बार मामला 33/11 केवी उपकेंद्र गठेड़ा पर तैनात टीजी टू कर्मचारी प्रमोद कुमार का है। विद्युत वितरण खंड प्रथम सहारनपुर के अधिशासी अभियंता अभिषेक कुमार ने बताया कि गठेड़ा बिजलीघर पर तैनात टीजीटू कर्मचारी प्रमोद कुमार पर उपभोक्ता सुहेल निवासी बुड्ढाखेड़ा ने बिल जमा करने के लिए दी गई धनराशि के गबन का आरोप लगाया था। जांच की गई तो पता चला कि विभाग में पैसा जमा ही नहीं कराया गया है। जिसके चलते प्रमोद कुमार को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही तत्कालीन अवर अभियंता मुकेश कुमार को आरोप पत्र जारी करने के लिए आदेश दिए गए हैं। इसके अलावा विभागीय कार्यों में लापरवाही के आरोप में सहारनपुर में तैनात टीजीटू कर्मचारी सुशील कुमार तथा सरसावा बिजलीघर पर तैनात विकास कुमार को हटाकर विद्युत वितरण खंड बेहट स्थानांतरित कर दिया गया है।