युद्ध बंदियों को रिहा कराने की मांग को लेकर डीएम को ज्ञापन सौंपा
सहारनपुर। पाकिस्तान की जेलों में बंद 54 युद्ध बंदियों को रिहा कराने की मांग को लेकर फ्लाइंग ऑफिसर सुधीर त्यागी मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के सदस्यों ने डीएम आलोक कुमार पांडेय को प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
शुक्रवार को डीएम को सौंपे ज्ञापन में उन्होंने कहा कि दिसंबर 1971 में हुए भारत पाकिस्तान युद्ध में फ्लाइंग आफिसर सुधीर त्यागी ने पाकिस्तान की धरती पर अपने हंटर विमान से वहां का सबसे आधुनिक मिराज विमान को मार गिराया था। जिसके बाद पाकिस्तान के दो विमानों ने उनके लड़ाकू विमान को शिकार बनाया। तब से सुधीर त्यागी लापता हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के नियमों के अनुसार सुधीर त्यागी को मरणोपरांत वीर चक्र से सम्मानित किया जा चुका है। ज्ञापन में उन्होंने कहा कि कुछ समय पूर्व सुप्रीम कोर्ट ने भारत सरकार को निर्देश दिया था कि पाकिस्तान की जेल में बंद 54 युद्धबंदियों को रिहा कराने का प्रयास करें, इनमें सुधीर त्यागी का नाम भी शामिल है। उन्होंने प्रधानमंत्री से युद्ध बंदियों को जल्द रिहा कराने की मांग की। संयोजक नरेंद्र कौशिक, राजकुमार त्यागी, दलजीत कोचर, सरदार पीपी सिंह, सुरेश त्यागी, राजेश गुप्ता, नरेश गोयल और सुनील गुप्ता आदि रहे।