छुटमलपुर (सहारनपुर)। रविवार की सुबह सहारनपुर मार्ग पर तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार मौलवी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डंपर को लेकर खुद ही थाने पहुंच गया। पुलिस ने शव को पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजन की तहरीर पर आरोपी चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
हादसा फतेहपुर थाना क्षेत्र में रविवार की सुबह साढे़ आठ बजे हुआ। इसी थाने के गांव मथाना का 25 वर्षीय युवक सद्दाम पुत्र नफीस फतेहपुर भादो गांव के मदरसे में मौलवी है। वह बाइक द्वारा सुबह मदरसे के लिए चला था। जैसे ही वह गंदेवडा स्थित रमैया आईटीआई के सामने पहुंचा तो पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने उसे टक्कर मारकर कुचल दिया। हादसे में सद्दाम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे को अंजाम देने के बाद चालक डंपर सहित मौके से भागकर सीधा थाने पहुंच गया। जहां पुलिस ने उसे हिरासत में लेते हुए डंपर को कब्जे में ले लिया। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा। मृतक के परिजन की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस के अनुसार सद्दाम ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।
मृतक युवक की तीन साल पहले ही शादी हुई थी। उसके एक दो साल का बेटा है। उसकी मौत के बाद पत्नी और अन्य परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बन रही सड़कों के लिए खनन सामग्री ले जाने वाले डंपर खाली होने पर तेज रफ्तार से दौड़ते हैं। पिछले छह माह में दस से ज्यादा लोग डंपर की चपेट में आकर अकाल मौत का शिकार बन चुके हैं। लोगों ने इनकी रफ्तार पर अंकुश की मांग की है। एसओ एमपी सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। साथ ही चेकिंग अभियान चला कर ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार पर कार्रवाई की जाएगी।