सहारनपुर। स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार और अमर उजाला के संयुक्त प्रयास के तहत आज लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई जाएगी। स्वच्छता में उल्लेखनीय कार्य करने वाले ग्राम प्रधानों और लोगों को अमर उजाला सम्मानित करेगा।
सहारनपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से शनिवार की सुबह दस बजे आईएमए भवन में उत्तर प्रदेश सरकार और अमर उजाला के संयुक्त प्रयास से स्वच्छता को बनाएंगे जन आंदोलन विषय पर कार्यक्रम होगा। इस कार्यक्रम में स्वच्छ भारत मिशन के तहत उल्लेखनीय कार्य करने वाले ग्राम प्रधानों और लोगों को सम्मानित किया जाएगा। लोगों को स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने के लिए प्रेरित कर शपथ दिलाई जाएगी। अमर उजाला का प्रयास है कि स्वच्छता का संदेश घर-घर पहुंचे। गांव, गली, बस्ती, मोहल्ला, शहर और जनपद स्वच्छ और सुंदर दिखाई दे। स्वच्छ भारत मिशन में जनसहभागिता को बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। ताकि प्रत्येक व्यक्ति स्वच्छता के प्रति अपना कर्तव्य समझे और अपने घर व मोहल्ले से स्वच्छता की शुरूआत करे। पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में प्रधानों और लोगों को सम्मानित किया जाएगा।