सहारनपुर। सांप्रदायिक एकता के प्रतीक म्हाड़ी मेले की शुरूआत आज से होगी। लाखों श्रद्धालु म्हाड़ी पर पहुंचकर निशान चढ़ाएंगे। बैंडबाजों और ढोल-नगाड़ों व नेजे संग 26 छड़ियां म्हाड़ी पर पहुंचेंगी। म्हाड़ी को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। प्रसाद और खिलौनों की दुकानें सज गई हैं। पुलिस-प्रशासन ने मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली।
गंगोह मार्ग स्थित श्री जाहरवीर गोगा महाराज की म्हाड़ी पर बुधवार को मेले की शुरूआत होगी। शहर में दो सप्ताह से भ्रमण कर रहे छड़ियां बैंडबाजों और ढोल-नगाड़ों के साथ शाम पांच बजे अंबाला रोड पर मेला गुघाल परिसर स्थित श्री विश्रामपुरी काल भैरव मंदिर पहुंचेंगी। यहां से नेजे को पूजन होगा। इसके बाद सभी छड़ियां म्हाड़ी की ओर प्रस्थान कर जाएंगी। इनमें सबसे आगे नेजा और और उसके पीछे छड़ियां चलेगी। छड़ियों के आने से पूर्व ही लाखों की संख्या में श्रद्धालु म्हाड़ी पर पहुंच चुके होंगे। जैसे ही छड़ियां म्हाड़ी पर पहुंचेगी तो निशान और प्रसाद चढ़ाने का सिलसिला शुरू हो जाएगा।
मंगलवार को म्हाड़ी मेले की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए बेरीकेडिंग लगाई गई है। ताकि पंक्तिबद्ध होकर श्रद्धालु म्हाड़ी पर निशान और प्रसाद चढ़ा सकें। इसके साथ ही म्हाड़ी को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया प्रसाद और खिलौनों की दुकानें सज गई हैं। बच्चों के लिए आकर्षक झूले लगाए गए हैं।
-----------------------
तीन दिन होते रहेंगे भंडारे
सहारनपुर। म्हाड़ी पर तीन दिवसीय मेले के दौरान भंडारों का आयोजन किया जाएगा। 26 छड़ियों के स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा भंडारे कराए जाएंगे, जिसमें कढ़ी-चावल का प्रसाद वितरित किया जाएगा।
------------------------
सुरक्षा कड़ी, सीसीटीवी कैमरे से रहेगी नजर
सहारनपुर। तीन दिवसीय म्हाड़ी और मेला गुघाल के लिए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। अंबाला रोड से लेकर म्हाड़ी तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात रहेगी। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरे से नजर रखी जाएगी, जिसका कंट्रोल रूम मेला गुघाल में अस्थाई कोतवाली में बनाया गया है।
--------------------------
जनमंच में होगा छड़ी पूजन
सहारनपुर। बुधवार की सुबह 11 बजे जनमंच परिसर में नगर निगम द्वारा छड़ी पूजन कराया जाएगा। इसके पश्चात कढ़ी-चावल का प्रसाद वितरण होगा। महापौर संजीव वालिया और नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह पूजन कराएंगे।
----------------------
मेला गुघाल का होगा उद्घाटन
सहारनपुर। अंबाला रोड स्थित श्री विश्रामपुरी काल भैरव मंदिर के निकट भरने वाले मेला गुघाल का उद्घाटन रात आठ बजे होगा। स्वागताध्यक्ष भाजपा महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, पूर्व विधायक राजीव गुंबर रहेंगे। उद्घाटन क्षेत्रीय अध्यक्ष अश्वनी त्यागी करेंगे। दीप प्रज्ज्वलित प्रदेश उपाध्यक्ष जसवंत सैनी और क्षेत्रीय महामंत्री मोहित बेनीवाल करेंगे। राज्यमंत्री डा. धर्म सिंह सैनी और सांसद राघव लखनपाल शर्मा मुख्य अतिथि रहेंगे। अतिविशिष्ट अतिथि मंडलायुक्त सीपी त्रिपाठी व डीआईजी शरद सचान होंगे। विशिष्टि अतिथि जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय, एसएसपी उपेंद्र कुमार अग्रवाल रहेंगे। महापौर संजीव वालिया, मेला अधिकारी आलोक श्रीवास्तव, नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह, विधायक संजय गर्ग, देवेंद्र निम, मसूद अख्तर, ब्रिजेश सिंह, नरेश सैनी, प्रदीप चौधरी, मेला चेयरमैन पार्षद मुकेश गक्खड़, वाईस चेयरमैन मनोज कुमार जैन और शहजाद मलिक शामिल रहेंगे।
---------------------
रोजाना शाम होंगे यह कार्यक्रम
सहारनपुर। मेला गुघाल के दौरान रोजाना अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 20 सितंबर को जनमंच में रासलीला, 21 को जनमंच में स्थानीय मुशायरा, 22 को जनमंच में मैजिक शो, 23 को जनमंच में एक शाम संविधान निर्माता के नाम, 24 को बेबी और फैंसी ड्रेस शो, 25 को गांधी पार्क में पंजाबी कवि दरबार, 26 को जनमंच में शरीर सौष्ठव, 27 को गांधी पार्क में कव्वाली, 28 को गांधी पार्क में रंगारंग कार्यक्रम, 29 को गांधी पार्क में कवि सम्मेलन, 30 को जनमंच में देवभूमि सांस्कृतिक संध्या, एक अक्टूबर को गांधी पार्क में गुघाल नाइट, दो अक्टूबर को जनमंच में एक शाम शहीदों के नाम, चार अक्टूबर को गांधी पार्क में मुशायरा और पांच को गांधी पार्क में दंगल होगा।