बकाया भुगतान न करने पर सरकारी विभागों के विद्युत कनेक्शन काटे
सहारनपुर। विद्युत निगम ने बिजली बिल का बकाया भुगतान न किए जाने पर सहारनपुर विकास प्राधिकरण, गन्ना विभाग समेत नौ कार्यालयों के बिजली के कनेक्शन काट डाले। इन नौ विभागों पर लगभग 10.88 लाख रुपये का बकाया है। सबसे अधिक बकाया गन्ना विकास अधिकारी कार्यालय का 6.40 लाख रुपये का है। बिजली के कनेक्शन कटने सभी विभागों में हड़कंप मचा हुआ है।
विद्युत निगम ने छह सितंबर से बिजली के बकाएदारों के खिलाफ अभियान शुरू किया है। मंगलवार को सरकारी विभागों पर कार्रवाई शुरू हो गई। विद्युत निगम ने 10.88 लाख के बकाएदार नौ विभागों के बिजली के कनेक्शन काट दिए हैं। इनमें भूमि संरक्षण का बेरीबाग स्थित बीज गोदाम परिसर, गेस्ट हाउस, सहारनपुर विकास प्राधिकरण, अर्थ एवं सांख्यिकी के सहायक निदेशक कार्यालय, सरकारी महिला हाईस्कूल, पीडब्ल्यूडी कालोनी स्थित ट्यूबवेल, पीडब्लूडी गेस्ट हाउस, अतिरिक्त निदेशक चिकित्सा कार्यालय तथा गन्ना विकास अधिकारी कार्यालय शामिल हैं। कुछ दिन पूर्व जिला महिला अस्पताल का भी बिजली का कनेक्शन काट दिया गया था। भुगतान जमा करने पर कनेक्शन जोड़ा गया था।
अधीक्षण अभियंता रविंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि इन सभी सरकारी विभागों को कई बार रिमाइंडर भी भेजा गया। लेकिन बकाए का भुगतान नहीं किया गया। इसके चलते इन विभागों के बिजली कनेक्शन काट दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि 30 सितंबर तक यह अभियान चलेगा और इस अभियान के तहत सभी बड़े बकाएदारों के कनेक्शन काटे जाएंगे।
--------------------------------------------
- किस पर कितना बकाया
- गन्ना विकास अधिकारी, हकीकत नगर - 6,40000 रुपये
- भूमि संरक्षण के बीज गोदाम परिसर, बेरी बाग - 17,707 रुपये
- अधिशासी अभियंता, निरीक्षण भवन, देहरादून रोड - 45,178 रुपये
- सचिव, सहारनपुर विकास प्राधिकारण - 14,607 रुपये
- सहायक निदेशक, अर्थ एवं सांख्यिकी विभाग - 44,002 रुपये
- प्रधानाचार्य, सरकारी महिला हाईस्कूल, चकराता रोड - 97,844 रुपये
- अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी कालोनी, ट्यूबवेल - 64,423 रुपये
- अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी, निरीक्षण भवन - 86,603 रुपये
- अतिरिक्त निदेशक चिकित्सा, नेहरू मार्केट -77,922 रुपये