गंगोह (सहारनपुर)। रोटरी क्लब के तत्वावधान में रोटरी सप्ताह का शुभारंभ नशा मुक्त भारत रैली निकालकर किया गया। रोटरी सप्ताह के अंतर्गत प्रतिभा खोज कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। जिसमें एक सप्ताह तक गायन, खेलकूद, वाद विवाद, आर्ट एवं क्राफ्ट, प्रश्न मंच, एकल एवं सामूहिक नृत्य और फैंसी ड्रेस आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
नशा मुक्त भारत रैली का शुभारंभ चेयरमैन प्रतिनिधि नोमान मसूद, कोतवाली निरीक्षक जितेंद्र कुमार और संस्था अध्यक्ष नितिन तायल ने फीता काटकर किया। रैली में 13 स्कूलों के करीब 850 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। रैली को रवाना करने से पूर्व अतिथियों एवं अन्य वक्ताओं ने नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में बताते हुए इससे दूर रहने की सलाह दी। कोतवाल जितेंद्र कुमार ने नशे के कारोबारियों को अवैध कारोबार तुरंत बंद करने की चेतावनी दी। इसके बाद स्कूली बच्चों ने नगर के विभिन्न मोहल्लों एवं मार्गों से नशा विरोधी नारेबाजी करते हुए रैली निकालकर नागरिकों को जागरूक किया। कार्यक्रम का संचालन डा. एनपी सिंह और डा. विनीत अग्रवाल ने किया। विकास सिंघल, राकेश सिंघल, मुकेश गुप्ता, दिनेश मिबजन, राजेश गोयल, दीनदयाल गर्ग, विजयपाल वर्मा, अनिल बंसल, नितिन सिंघल, डा. एसआर सैनी, नितिन गर्ग आदि रहे। रोटरी सप्ताह चेयरमैन दिनेश मित्तल ने बताया कि 7 सितंबर को वाद विवाद प्रतियोगिता, 8 को देशभक्ति विषय पर गायन प्रतियोगिता, 9 सितंबर को प्रश्न मंच प्रतियोगिता, 10 सितंबर को खेलकूद प्रतियोगिता और 11 सितंबर की प्रात: कोलाज मेकिंग, पेंसिल स्केचिंग एवं पेपर बैग मेकिंग जबकि शाम को फैंसी ड्रेस, एकल नृत्य एवं सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन होगा। बताया कि विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।