देवबंद (सहारनपुर)। शिवरात्रि को लेकर मंदिरों में जलाभिषेक के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। भगवान शिव के गगनभेदी जयकारों से नगर का वातावरण पूरी तरह शिवमयी बना हुआ है। नगर पालिका समेत अन्य संगठनों ने शिवभक्तों की सेवा के लिए जगह जगह शिविर लगाए हुए हैं।
शिवरात्रि होने के चलते नगर में कांवड़ियों के आवागमन की संख्या में भारी वृद्धि हुई है। बोल बम के जयकारों के बीच रंग बिरंगी कांवड़ व झांकियां आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। इतना ही नहीं इस वर्ष अधिकांश कांवड़िए वाहनों पर तिरंगा लगाकर कांवड़ लेकर आ रहे हैं। श्री मनकेश्वर महादेव मंदिर में बुधवार की देर शाम कांवड़ मेले का उद्घाटन विधिवत फीता काटकर किया गया। मेला प्रांगण में खेल खिलौनों, झूलों समेत अन्य मनोरंजन के करीब तीन दर्जन से अधिक स्टॉल लगे हुए हैं। मंदिर में हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर शिवभक्त बुधवार की सुबह से ही पहुंचना आरंभ हो गए थे। मंदिर कमेटी ने उनके लिए ठहरने और खाने आदि की व्यवस्था भी कर रखी है। सीओ सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि श्री मनकेश्वर महादेव मंदिर मानकी और श्री नागेश्वर महादेव मंदिर घ्याना में कांवड मेलों व जलाभिषेक के मद्देनजर पुलिस की कड़ी व्यवस्था की गई है। इनके अलावा अन्य शिव मंदिरों में भी सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात किया गया है। श्री नागेश्वर महादेव मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बेरिकेडिंग लगा दी गई है। मंदिर के सामने खाली पड़े ग्राउंड में मेले के आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि महाशिवरात्रि पर होने वाले जलाभिषेक की समस्त तैयारियां मुकम्मल हो चुकी हैं। श्रद्धालु बृहस्पतिवार की तड़के से ही जलाभिषेक करना आरंभ कर देंगे। उधर, शिवभक्तों की सेवा के लिए नगर पालिका परिषद की ओर से मंगलौर रोड पर शिविर लगाया है जिसमें हिंदू-मुस्लिम मिलकर उनकी सेवा कर रहे हैं। इस दौरान सभासद मनोज सिंघल, तौफीक जग्गी, अजय गांधी, हारिस सैय्यद, नौशाद, असलम, सुधा गांधी, विनय कुच्छल, चौ. ओमपाल सिंह, अंसार मसूदी आदि मौजूद रहे।