भीम आर्मी को संघ व भाजपा का गठित संगठन बताना निंदनीय
देवबंद। दलित सेना ने बसपा सुप्रीमो मायावती के उस बयान की कड़ी निंदा की है जिसमें उन्होंने भीम आर्मी एकता मिशन संगठन को आरएसएस व भाजपा द्वारा गठित संगठन बताया है।
नन्हेड़ा आसा में दलित सेना की बैठक में जिलाध्यक्ष शिवकुमार ने कहा कि भीम आर्मी एक मिशन और एक स्वतंत्र संगठन है। पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने उक्त बयान झुंझलाहट में आकर दिया है, क्योंकि उसका कहीं वोट बैंक न खिसक जाए। दलित सेना मायावती के उस बयान की भी कड़े शब्दों में निंदा करती है जिसमें उन्होंने हाजी इकबाल, महमूद अली और मेरठ के महापौर योगेश वर्मा की हिमायत की है। लेकिन 2 अप्रैल को एससी-एसटी एक्ट के देशव्यापी विरोध प्रदर्शन में जेल में पड़े युवाओं के बारे में कोई संवेदना व्यक्त नहीं की है। संचालन सुमित ने किया। इस मौके पर डा. मनोज कुमार, संदीप बौद्ध, हरि नारायण, अविनाश कुमार, प्रिंस कुमार, संजय, करणपाल आदि मौजूद रहे।