जाम से लोगों को नहीं मिली मुक्ति
देवबंर्द। सहारनपुर-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे-59 पर फ्लाईओवर बन जाने से भले ही बाहर से आने वाले लोगों को जाम की समस्या से मुक्ति मिल गई है, परंतु नगरवासियों के लिए जाम अभी भी बड़ी समस्या बनी हुई है, क्योंकि सर्विस मानक अनुरूप नहीं होने से यह समस्या हो रही है।
शनिवार को फ्लाईओवर के नीचे सर्विस रोड पर घंटों जाम लगा रहने से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। छोटे ही नहीं बड़े वाहन भी जाम में फंसने को मजबूर हुए। भीषण गर्मी में उक्त मार्ग पर लगने वाला जाम लोगों के लिए सिरदर्द बन चुका है। बता दें कि सर्विस रोड मानक अनुसार नहीं बनने को लेकर नगर के विभिन्न संगठनों ने अधिकारियों को ज्ञापन देने के साथ ही एसडीएम कार्यालय में धरना प्रदर्शन तक किया। लोग अनशन पर बैठ गए थे। जिससे बैकफुट पर आए प्रशासन ने एपको कंपनी के अधिकारियों के साथ बैठक कर सर्विस रोड के बीच में आने वाले अवैध अतिक्रमण को हटवाने के आदेश दिए। क्योंकि लोगों की मांग थी कि सर्विस रोड 75 फुट की होनी चाहिए, क्योंकि सड़क को कंपनी ने टेढ़ा मेढ़ा बना दिया था।