शाकंभरी। मुख्यमंत्री का जन सुनवाई पोर्टल पर समस्याओं का निस्तारण में खानापूर्ति की जा रही है। इस प्रकार का एक मामला गांव जैतपुर कलां का सामने आया है।
तहसील बेहट के ब्लाक मुजफ्फराबाद के गांव जैतपुर कलां के ग्राम प्रधान द्वारा मुख्यमंत्री के जन सुनवाई पोर्टल पर विगत 3 मार्च 2018 को डीएम को संबोधित शिकायत संख्या 40013218004558 द्वारा शिकायत की गई थी पंडित दीनदयाल ग्रामीण विद्युत योजना के अंतर्गत ठेकेदार द्वारा गांव में विद्युतीकरण कराया गया है। इसमें गांव की बाल्मीकि बस्ती, कश्यप बस्ती, हरिजन बस्ती को छोड़ दिया गया है, जिसके चलते घाड़ के गरीब लोग अंधेरे में है। इसका निस्तारण 12 अप्रैल 2018 को अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम द्वारा कर दिया गया है। निस्तारण में लिखा गया है कि गांव में अधूरे पड़े विद्युतीकरण को करने के लिए कार्यदायी संस्था को निर्देशित कर दिया गया है, जबकि ग्राम प्रधान प्रेम सिंह का आरोप है कि उक्त शिकायत का निस्तारण केवल मुख्यमंत्री के पोर्टल पर करके अपने कार्य की इतिश्री कर ली गई है। मौके पर कार्यदायी संस्था द्वारा कोई भी विद्युतीकरण का कार्य दोबारा से नहीं कराया गया है। उधर एसडीओ पारेषण सुबोध गुप्ता ने बताया कि इस मामले को दिखवाकर गांव के कार्य को पूर्ण कराया जाएगा।