सहारनपुर। ढमोला नदी में चिह्नित कराए गए अतिक्रमण हटाने को लेकर सिंचाई विभाग ने नोटिस जारी कर दिए हैं। इस नोटिस के बाद कार्रवाई की जाएगी। हालांकि एसडीएम सदर को इस नोटिस की कापी अभी तक नहीं मिली है।
ढमोला नदी की भूमि पर अतिक्रमण हटाने को लेकर जिला प्रशासन लंबे समय से कवायद में जुटा है। प्रशासन ने सिंचाई विभाग और राजस्व विभाग की टीम को बनाकर अतिक्रमण का चिह्नीकरण कराया। इसमें पांच सौ से अधिक निर्माणों को चिह्नित किया गया है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार ने बताया कि सिंचाई विभाग ने अतिक्रमण करने वालों को नोटिस जारी किए हैं। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को इसकी कापी एसडीएम सदर संगीता को देने के निर्देश दिए है। उधर, एसडीएम सदर ने बताया कि उन्हें अभी तक सिंचाई विभाग ने नोटिस की कापी नहीं भेजी है।