सहारनपुर। एक से तीन अप्रैल तक जनता रोड स्थित महाराज सिंह डिग्री कॉलेज के मैदान पर होने वाले बाबा रामदेव के योग चिकित्सा एवं ध्यान शिविर में हजारों लोग जुटेंगे। कार्यक्रम की सफलता के लिए भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं।
बाबा लाल दास रोड स्थित श्री शिवधाम मंदिर में पत्रकार वार्ता में भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के उत्तर प्रदेश प्रभारी सुनील शास्त्री ने बताया कि बाबा रामदेव के कार्यक्रम में प्रतिदिन 30 से 40 हजार लोग भाग लेंगे। पूरे जिले में कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। जिले के 1230 में से 900 गांवों में कार्यकर्ता डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर चुके हैं। बाबा रामदेव 31 मार्च की शाम सहारनपुर पहुंच जाएंगे। योग चिकित्सा एवं ध्यान शिविर प्रतिदिन सुबह पांच से सात बजे तक चलेगा। दो अप्रैल की शाम तीन से छह बजे तक महिलाओं और बच्चों के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। 28 अप्रैल को योग जागरण यात्रा निकाली जाएगी। कार्यक्रम का आयोजन श्री शिव धाम मंदिर ट्रस्ट के नेतृत्व में किया जा रहा है। तीन दिन तक पतंजलि के प्रमुख वैद्य सहारनपुर में रहेंगे और बीमारियों के बारे में लोगों को निशुल्क परामर्श देंगे। कार्यक्रम में कई बड़े संत भी भाग ले सकते हैं। विवेक गुप्ता, प्रिंसी गर्ग, श्रीदेवी, नीलम, संजीव आदि मौजूद रहे।