सहारनपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष इमरान मसूद ने कहा कि नोटबंदी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सनक पूर्ण फैसला था। वह बुधवार को गांधी पार्क मैदान में सभा को संबोधित कर रहे थे। कांग्रेस ने नोटबंदी को एक साल पूरा होने पर बुधवार को काला दिवस मनाया।
इमरान ने कहा कि नोटबंदी से गरीब, मजदूर, किसान, व्यापारी और आम आदमी को परेशानी हुई। कालाधन रखने वाले आज भी मौज काट रहे हैं। गोवंश पर बोलते हुए कहा कि गाय से हिंदू भाइयों की आस्था जुड़ी हुई है। ऐसे में सबके साथ मुस्लिमों को भी बीफ से परहेज करना चाहिए। सवाल किया कि गाय हमारी माता है, मगर नॉर्थ इस्ट में बीजेपी के नेता गाय का मांस खाते हैं। राजस्थान की गौशालाओं में 27 हजार गाय मर गईं, मगर बीजेपी सरकार ने राजस्थान की मुख्यमंत्री पर कोई कार्रवाई नहीं की, जबकि गोमांस के शक में अनेक बेगुनाहों को मौत के घाट उतारा जा चुका है। उन्होंने निकाय चुनाव को 2019 की रिहर्सल बताते हुए कार्यकर्ताओं से जुट जाने की अपील की। जिलाध्यक्ष शशी वालिया ने डॉ. अंबेडकर और आरक्षण पर बात की। विधायक मसूद अख्तर, नरेश सैनी, जावेद साबरी, डा. सुशील चौधरी, मेहरबान आलम, हाजी बहार अहमद, नवीन चौधरी समेत अनेक कांग्रेसी मौजूद रहे।
चुनाव के बाद बदल सकता है जिलाध्यक्ष
कांग्रेस ने जिलाध्यक्ष शशी वालिया को मेयर पद का प्रत्याशी बनाया है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि चुनाव के बाद कांग्रेस का जिलाध्यक्ष बदल सकता है। जिलाध्यक्ष के लिए पहला नाम जावेद साबरी का चल रहा है।
नहीं आए गुलाम नबी आजाद
सभा में प्रदेश के प्रभारी बनाए गए गुलाम नबी आजाद के पहुंचने की बात कही जा रही थी। मगर वह सभा में नहीं पहुंचे। इससे कार्यकर्ताओं को मायूस होना पड़ा। इसके अलावा कांग्रेस को मंडी समिति से पैदल मार्च निकालकर गांधी पार्क मैदान में पहुंचना था, मगर प्रशासन ने अनुमति नहीं दी। ऐसे में तमाम कार्यकर्ता मंडी समिति की बजाय गांधी पार्क में जमा हुए।