रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। एक पंचर की दुकान में रखे कंप्रेशर की टंकी फटने से उसके अवशेष हवा में काफी ऊंचाई तक उड़ कर हाईटेंशन के विद्युत पोल पर जा अटके। दुकान मालिक बाल-बाल बच गया। गनीमत रही की कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
दिल्ली रोड हाईवे घसौती चौक पर मुस्तफा की टायर पंचर की दुकान है। रविवार की सुबह नौ बजे जब वह अपनी दुकान पर पहुंचा तो वह कंप्रेशर में इंजन चला कर हवा भरने लगा। उसी समय उनकी दुकान पर कुछ जमाती पहुंचे। वह उसे दुकान से बुलाकर दीन की बातें करने लगे, तभी तेज धमाके के साथ कंप्रेशर फट गया और उसकी टंकी काफी ऊंचाई तक हवा में उड़ गई। पहले तो किसी की समझ में नहीं आया कि धमाका कहां हुआ। धूल छंटने के बाद पता चला कि मुस्तफा की दुकान का कंप्रेशर फटा है। मुस्तफा ने बताया कि कंप्रेशर में हवा भी बहुत कम थी, इसके बाद भी उसकी टंकी किस तरह से फटी यह समझ से परे है। हालांकि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ।