मतदाता सूची के पुनरीक्षण के लिए घर-घर जाएंगे बीएलओ
सहारनपुर। निकाय चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर प्रशासन की कसरत शुरू हो गई है। सोमवार से मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य शुरू हो जाएगा। जिसके तहत नए मतदाताओं को जोड़ने तथा मृतक और वार्ड व जनपद छोड़ चुके मतदाताओं को सूची से हटाया जाएगा। तमाम प्रक्रिया के पूरा होने के बाद 18 अक्तूबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा।
नगर निगम के 70 वार्डों का नया परिसीमन होने के बाद मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य शुरू हो चुका है। पुनरीक्षण के लिए बीएलओ सोमवार से घर-घर जाकर मतदाता सूची को अपडेट करेंगे। इसके तहत 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं के मतदाता फॉर्म भरवाए जाएंगे, जबकि मृतक और वार्ड या जनपद छोड़ चुके लोगों के नाम सूची से हटाएंगे। यह काम तीन अक्तूबर तक चलेगा। इसके अलावा नए मतदाता अपना वोट बनवाने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जिसके लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 25 सितंबर निर्धारित की गई है। 26 सितंबर से तीन अक्तूबर तक घर-घर जाकर ऑनलाइन मिले आवेदनों की जांच की जाएगी। चार से आठ अक्तूबर तक मतदाता सूची तैयार की जाएगी। नौ अक्तूबर को ड्राफ्ट निर्वाचक नामावली का प्रकाशन होगा। नौ से 15 मई तक दावे और आपत्तियां मांगी जाएंगी। दावों और आपत्तियों के निस्तारण के बाद 18 अक्तूबर को मतदाता सूची का अंतिम यानी फाइनल प्रकाशन होगा।
---------------------------------
मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य शुरू हो चुका है। सोमवार से बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूचि को अपडेट करेंगे। बीएलओ को चाहिए कि वह पूरी गंभीरता के साथ प्रत्येक दरवाजे पर जाकर पुनरीक्षण कार्य को अंजाम दें। यदि किसी बीएलओ के काम में लापरवाही मिली तो उसके विरुद्घ कार्रवाई होगी।
---संगीता, एसडीएम सदर।