रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। भीम आर्मी संस्थापक चंद्रशेखर उर्फ रावण पर प्रशासन द्वारा रासुका लगाने की कवायद को लेकर दलित महिलाओं में रोष है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि चंद्रशेखर पर रासुका लगाई गई तो वह आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगी।
कस्बे के मुहल्ला इकराम स्थित रविदास मंदिर में एकत्र हुई दलित महिलाओं ने गुरु रविदास इंटरनेशनल सभा के बैनर तले बैठक का आयोजन किया। उन्होंने कहा कि भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर उर्फ रावण ने जातिगत भेदभाव, शोषण उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाकर भारत के संविधान बाबा साहब भीमराव अंबेडकर का सम्मान किया है। चंद्रशेखर पर गैर कानूनी रूप से जातिगत व राजनीतिक भेदभाव के आधार पर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई गलत है। प्रशासन अब चंद्रशेखर पर रासुका लगाने की तैयारी में है, यदि ऐसा हुआ तो बहुजन महिलाएं आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगी। इसके लिए शासन-प्रशासन जिम्मेदार होगा। बैठक में पूनम एडवोकेट, राखी, चांदनी, काजल, सोनम, सपना, उषा, बबली, सुभाषना, तनु आदि मौजूद रहे।