देवबंद (सहारनपुर)। भाजपा नेता और विकास प्राधिकरण के अवर अभियंता (जेई) के बीच किसी बात पर कहासुनी हो गई। कार्यकर्ताओं ने जेई पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। इसी दौरान मौके पर पहुंचे आला अधिकारियों ने भाजपा कार्यकर्ताओं को समझाकर मामला शांत कराया।
शुक्रवार को भाजपा के नगर कोषाध्यक्ष अरुण गुप्ता विकास प्राधिकरण कार्यालय में अवर अभियंता वीके गुप्ता के पास किसी काम से गए थे। वहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसकी जानकारी अरुण गुप्ता ने पार्टी नेताओं को दी। कुछ ही देर में नगर अध्यक्ष गजराज राणा के नेतृत्व में कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय पहुंचे। वहां अवर अभियंता ने उनके साथ भी बहस करनी शुरू कर दी, जिससे गुस्साए भाजपाइयों ने हंगामा शुरू कर दिया। भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने जेई को कार्यालय से बाहर खींचने का भी प्रयास किया। जानकारी मिलते ही एसडीएम रामविलास यादव प्राधिकरण कार्यालय पहुंचे और हंगामा कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को कार्रवाई का आश्वासन दिलाकर मामला शांत कराया। गजराज राणा ने कहा कि भाजपा शासन में भी कुछ अधिकारी सपा मानसिकता से ग्रस्त होकर कार्य कर जनता का उत्पीड़न कर रहे हैं, जिसे किसी भी हाल में बर्दास्त नहीं किया जाएगा। उधर, अवर अभियंता वीके गुप्ता ने अभद्रता के आरोप को निराधार बताया है।