नाहिद हसन से नाता तोड़ने की घोषणा
गंगोह (सहारनपुर)। क्षेत्र के गांव सज्जनवाला में आहूत पंचायत में कैराना क्षेत्र के गांव भूरा कंडेला के ग्रामीणों ने विधायक नाहिद हसन से नाता तोड़ने की घोषणा की। उनका आरोप है कि 16 जुलाई को गंगोह में दूल्हे और बारात को बंधक बनाने के मामले में नाहिद हसन के मामा वसीम चौधरी ने उन्हें अपना पक्ष तक रखने का मौका नहीं दिया।
बता दें कि 16 जुलाई को कैराना के गांव भूरा कंडेला के पूर्व प्रधान जमशेद के लड़के की बारात गंगोह के प्रभा गार्डन में आई थी। गांव ताताहेडी निवासी पूर्व प्रधान मुस्तकीम की बेटी से उसका निकाह होना था। निकाह से पूर्व दूल्हे पर फारच्यूनर कार की मांग करने का आरोप लगाते हुए लड़की पक्ष ने दूल्हे और बारात को बंधक बना लिया था। बाद में कैराना विधायक चौधरी नाहिद हसन के मामा वसीम चौधरी की अध्यक्षता में आहूत पंचायत में निकाह न करने और दिया गया सभी सामान एवं खर्च के तीन लाख रुपये लौटाने के आश्वासन पर उन्हें छोडा गया था।
इसी प्रकरण में शुक्रवार को कैराना क्षेत्र के लगभग पचास लोग विधायक नाहिद हसन के आवास पर पहुंचे और उन्होंने तीन लाख रुपये लौटाते हुए अपना पक्ष रखना चाहा। आरोप है कि उनकी बात सुनने के बजाय वसीम चौधरी भड़क गये और उन्हें खरी-खोटी सुनानी शुरू कर दी। इससे नाराज जमशेद प्रधान और उसके साथ आए लोग अपमानित महसूस करते हुए वहां से चले गए। इसके बाद सज्जनवाला मंदिर प्रांगण में पंचायत करके एकमत से फैसला लिया कि जब तक उन्हें इंसाफ नहीं मिल जाता, तब तक वे कैराना विधायक चौधरी नाहिद हसन से कोई नाता नहीं रखेंगे।
पंचायत में असलम प्रमुख बटुपुरा, अब्बास प्रधान गोगवान, हाजी इकराम, महमूद जाहिद, हाजी हनीफ, आलिम चौहान पांवटीकलां, सतपाल प्रधान भूरा, आबिद बटार, हाजी कानिमल, रुकमदीन प्रधान, रावल मसूरा, इरफान प्रधान जुवाजपुरा, जाकिर मुखिया, भूरा प्रमुख रोटन, शौकत, राशिद मन्नामाजरा, रियाज फतेहपुर आदि शामिल रहे।