सहारनपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना के अपात्र लाभार्थियों को कार्रवाई कर डर सताने लगा है। प्रशासन की चेतावनी के बाद से उनमें हड़कंप की स्थिति है। यही वजह है कि बीते करीब 20 दिन में 61 अपात्र लोग योजना की 51 लाख रुपये से अधिक की रकम के चेक लौटा चुके हैं। चेक वापस करने की सिलसिला अभी जारी है।
प्रशासन को शिकायतें मिली हैं कि कई अपात्र लोग प्रधानमंत्री योजना का लाभ ले चुके हैं। इसके बाद प्रशासन ने लाभार्थियों की पात्रता की जांच कराई। करीब 4800 लाभार्थियों की जांच में 517 लोग अपात्र सामने आए। शेष लोगों की भी पात्रता की जांच अभी जारी है। करीब 20 दिन पहले नगरायुक्त ने डूडा अधिकारियों को पत्र लिखकर पैसे की रिकवरी के लिए अपात्रों को नोटिस जारी करने को कहा था, साथ ही पैसा नहीं लौटाने वालों के विरुद्घ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए थे। प्रशासन की कार्रवाई की तैयारी समाचार पत्रों में प्रकाशित होने के बाद अपात्रों में हड़कंप मच गया। इस बीच विभाग की ओर से भी अपात्रों को नोटिस जारी कर दिए गए। इसके बाद अपात्र रकम लौटाने को मजबूर हो गए। अभी तक 61 अपात्र 51 लाख रुपये से अधिक की रकम लौटा चुके हैं। चेक 50 हजार रुपये से लेकर दो लाख रुपये तक के हैं।
चेक लौटाने वालों में कहां से कितने लोग
योजना के चेक लौटाने वालों में सबसे अधिक करीब 20 लोग सहारनपुर शहर के हैं। इनके अलावा 13 लोग गंगोह, आठ लोग नानौता, चार लोग नकुड़ और चार लोग देवबंद, दो-दो लोग बेहट, सरसावा, तीतरों और रामपुर मनिहारान के हैं, जबकि चिलकाना के तीन, अंबेहटा का एक व्यक्ति शामिल है। 16 लोग ऐसे हैं, जिन्होंने डेढ़-डेढ़ लाख रुपये के चेक लौटाए हैं। दो लोग दो-दो लाख, एक व्यक्ति 152972, एक व्यक्ति एक लाख तथा 41 लोग 50-50 हजार के चेक लौटाने वाले हैं।
दलालों पर भी हो कार्रवाई
पीएम आवास योजना में अपात्रों को लाभ पहुंचाने तथा पैसा लेने के आरोप में अभी तक एक दर्जन से अधिक लोगों पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं, जबकि कई लोग जेल जा चुके हैं। खास बात यह है कि अपात्रों और संबंधित विभाग के बीच सेटिंग कराने वाले एक भी दलाल पर अभी तक कार्रवाई नहीं की गई है, जबकि शहर ही में दलालों ने अपात्रों के साथ पात्र लोगों को भी लाभ दिलाने के नाम पर 20 से 50 हजार रुपये तक लिए हैं। -----------
अब पहले होगी पात्रता की जांच
योजना में बड़ी संख्या में अपात्र लोगों के सामने आने के बाद विभाग ने जांच की प्रक्रिया में बदलाव किया है। विभागीय अधिकारी ने बताया कि अब लोगों को लाभ देने से पहले उनकी पात्रता की जांच होगी। ऐसे में कोई अपात्र व्यक्ति लाभ नहीं ले सकेगा।
पीएम आवास योजना का लाभ ले चुके अपात्र लोगों से रिकवरी की जा रही है। अभी तक 60 से अधिक लोग चेक लौटा चुके हैं। शेष लोगों से भी रिकवरी की जा रही है। जो भी अपात्र लोग लाभ ले चुके हैं वह खुद ही पैसा लौटा दें। पैसा नहीं लौटाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी।
एके सिंह, प्रभारी परियोजना अधिकारी डूडा/एसडीएम सदर।