सहारनपुर। विकास प्राधिकरण की पहली आवासीय टाउनशिप के पहले चरण के 513 प्लॉटों का आवंटियों में से 56 डिफाल्टर की श्रेणी में आ गए हैं। ये वो लोग हैं, जिन्होंने पंजीकरण शुल्क के अलावा कोई पैसा तय समय तक जमा नहीं कराया है। अब उन्हें 13 नवंबर तक का समय दिया गया है।
दिल्ली रोड पर गांव चुनहेटी के पास विकास प्राधिकरण पहली टाउनशिप विकसित कर रहा है। टाउनशिप 52.9751 हेक्टेयर भूमि पर तैयार होगी। करीब 200 करोड़ की लागत से विकसित होने वाली टाउनशिप में कुल 1,436 प्लॉट हैं। प्लॉट दो चरणों में बेचे जा रहे हैं। पहले चरण में 513 प्लॉटों की बिक्री होनी है। इनको खरीदने के लिए 3,378 ग्राहकों ने आवेदन किया था। 49 आवेदनकर्ताओं के आवेदन रिजेक्ट हुए या फिर उन्होंने रिफंड के लिए प्रार्थना पत्र दिया। इसके बाद 513 प्लॉट के सापेक्ष शेष 3,329 की लॉटरी निकाली गई। लॉटरी के माध्यम से सभी 513 प्लॉटों का आवंटन करने के बाद शेष 2,816 लोगों का पैसा वापस किया जा चुका है।
513 आवंटियों को दो महीने के अंदर आवंटन राशि जमा करनी थी। जिन्होंने पंजीकरण शुल्क के रूप में ढाई प्रतिशत जमा कराया है उन्हें 25 प्रतिशत आवंटन राशि जमा करानी थी। और जिन्होंने पांच फीसदी पंजीकरण शुल्क जमा कराया है उनको 22.5 प्रतिशत आवंटन राशि जमा करनी थी, लेकिन 56 आवंटी ऐसे हैं, जिन्होंने दो महीने में आवंटन राशि जमा नहीं कराई है। ऐसे में विकास प्राधिकरण ने उन्हें 13 नवंबर तक का मौका दिया है। यदि वह 13 नवंबर तक आवंटन राशि जमा नहीं कराते हैं तो उनका पंजीकरण शुल्क जब्त कर लिया जाएगा। साथ ही आवंटन भी रद हो सकता है।
टाउनशिप में यह होंगी सुविधाएं
-24, 12 और नौ मीटर चौड़ी सड़कें बनाई जाएंगी।
-सोलर एनर्जी और इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन बनेगा।
-पानी, बिजली और गैस की आपूर्ति पाइपलाइन से होगी।
-खेल मैदान, कम्युनिटी सेंटर, स्कूल और मेडिकल सुविधा रहेंगी।
-सुरक्षा के लिए पुलिस चौकी बनेगी।
वर्जन
टाउनशिप के पहले चरण के 513 आवंटियों में 56 लोग ऐसे हैं, जिन्होंने 60 दिन में आवंटन राशि जमा नहीं कराई है। इनको डिफाल्टर माना जा रहा है। यदि वह 13 नवंबर तक जमा नहीं कराते हैं तो उनकी पंजीकरण राशि जब्त कर ली जाएगी।
- सूरजपाल, प्रभारी वित्त अधिकारी, विकास प्राधिकरण