सहारनपुर। तहसील परिसर स्थित पानी की टंकी पर चढ़कर हंगामा करने वाले दंपती की बेटी को पुलिस ने शुक्रवार को रुड़की से बरामद कर लिया है। पुलिस लड़की से पूछताछ कर रही है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी दंपती अपने बेटे को लेकर दो दिन पूर्व अपनी नाबालिग बेटी की बरामदगी के लिए पानी की टंकी पर चढ़ गया था और जान देने की धमकी देते हुए हंगामा किया था। दंपती ने पुलिस पर उसकी बेटी को बरामद न किए जाने का आरोप लगाया था। इस मामले में लड़की के पिता ने गांव के ही युवक और उसके साथियों पर उसकी नाबालिग बेटी को अगवा करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी और पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस द्वारा लड़की को शीघ्र बरामद किए जाने का आश्वासन दिए जाने के बाद दंपती पानी की टंकी से नीचे उतरा था। सदर कोतवाली प्रभारी अशोक सोलंकी ने बताया कि लड़की की सकुशल बरामदगी को तीन टीमें गठित की गई थी। पुलिस ने शुक्रवार को लड़की को रुड़की से बरामद कर लिया है। पुलिस लड़की से पूछताछ कर रही है।