सहारनपुर। छह माह से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे आरक्षियों की पास आउट परेड का आयोजन किया गया। पास आउट परेड में शामिल 180 रंगरूटों ने परीक्षा पास की। इस दौरान हुई अंत: एवं वाह्य विषयों की परीक्षाओं का परिणाम भी घोषित किया गया। जिसमें बड़ौत का पुरुषोत्तम सर्वांग सर्वोत्तम रहा, जबकि अंत: परीक्षा में अभय प्रताप प्रथम रहा।
बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन छह माह से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 180 प्रशिक्षु आरक्षियों का प्रशिक्षण पूरा हुआ। जिसके बाद पुलिस लाइन मैदान में पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया। परेड में प्रशिक्षण प्राप्त सभी आरक्षी शामिल हुए। पासिंग आउट परेड सुबह साढ़े आठ बजे शुरू हुई। साफ सुथरी फुल वर्दी और साजो समान के साथ आठ टोलियों में बंटकर पासिंग आउट कराई गई। मुख्य अतिथि आईजी शरद सचान ने पासिंग आउट परेड की सलामी ली। पासिंग आउट परेड के दौरान आरक्षियों में उत्साह रहा और इस मौके पर उनके परिजन भी उपस्थित रहे। रंगरूटों ने जोशो खरोश के साथ पास आउट परेड में भाग लिया। प्रत्येक टोली में पासिंग आउट परेड के दौरान प्रथम रहने वाले आरक्षी को पुरस्कृत किया गया। वाह्य परीक्षा में बड़ौत के पुरुषोत्तम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं अंत: विषयों की परीक्षा में अभय प्रताप प्रथम रहे। बड़ौत के गांव निरपुड़ा निवासी पुरुषोत्तम कुमार को सर्वश्रेष्ठ आरक्षी का पुरस्कार दिया गया। इस मौके पर आईजी शरद सचान ने कहा कि पुलिस सेवा में भर्ती होने पर प्रत्येक पुलिसकर्मी की जिम्मेदारी बनती है कि वह कानून की रक्षा के लिए कार्य करे और समाज में अपनी अच्छी छाप छोड़े। वहीं, एसएसपी दिनेश कुमार ने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले पुलिसकर्मियों को वर्दी का सम्मान रखना है। अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में कतई कोताही न बरतें, बल्कि अच्छा कार्य करने के लिए हमेशा अग्रणी रहे। इसी निष्ठा के साथ कार्य किया जाएगा, तो हर स्तर पर सम्मान प्राप्त होगा। प्रशिक्षण में सूबेदार मेजर सुनील कुमार शर्मा, विनोद कुमार, मेजर राजेंद्र शर्मा तथा प्रतिसार निरीक्षक अजय श्रीवास्तव ने सहयोग किया।
वाह्य विषयों की परीक्षा में प्रथम आने वाले आरक्षी
- शारीरिक प्रशिक्षण में 165 में से 149.5 अंक प्राप्त कर राकेश प्रथम रहा
- पदाति प्रशिक्षण में पुरुषोत्तम 75 में से 60.5 अंक प्राप्त कर प्रथम रहा
- आतंकवाद निरोधक प्रशिक्षण में 85 में यसे 66.5 अंक लेकर सागर चौहान प्रथम रहा
- फील्ड क्राफ्ट टेक्टिक्स में सोनल नलवा ने 75 में से 62.5 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया
- शस्त्र प्रशिक्षण एवं फायरिंग में पुरुषोत्तम ने 65 में से 56 अंक प्राप्त किए
- विशिष्ट तलाशी अभियान प्रशिक्षण में देवानंद गिरि ने 45 में से 39.5 अंक प्राप्त किए
- यातायात नियंत्रण में राहुल ने 40 में से 33.5 अंक प्राप्त किए
- भीड़ नियंत्रण में आमोद ने 50 में से 43.5 अंक प्राप्त किए
अंत: विषयों की परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले आरक्षी
- प्रथम समूह में रिजवान ने 100 में से 95 अंक, द्वितीय समूह में प्रशांत वर्मा ने 125 में से 115 अंक, तृतीय समूह में अभय प्रताप ने 125 में से 115 अंक, चतुर्थ समूह में धीरज ने 125 में से 123 अंक, पंचम समूह में दीपक वर्मा ने 100 में से 100 अंक, सप्तम समूह में सोनल नलवा ने 50 में से 49 अंक प्राप्त किए।
खुशी से झूम उठे रंगरूट
जैसे ही पासिंग आउट परेड के बाद परिणाम घोषित किया रंगरूट खुशी से झूम उठे। जैसे उनका सपना पूरा हो गया। बड़ौत के पुरुषोत्तम का कहना था कि उनका सपना देश की सेवा करने का था। वह चाहता था कि सेना में अथवा पुलिस में भर्ती होकर देश की सेवा करना चाहता था। उनके परिवार को उस पर भरोसा था। आज पासिंग आउट परेड के बाद अब उसका देश सेवा का सपना पूरा हो गया। राकेश का कहना था कि उनका नौकरी का सपना पूरा हो गया। वह लोगों की मदद भी कर सकेंगे और उन्हें नौकरी भी मिल गई है।