नागल (सहारनपुर)। गागलहेड़ी-नागल राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कार ने सड़क किनारे खड़े बाइक सवार को टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने कार को कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में ले लिया। शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बाइक सवार की मौत से उसके परिवार में कोहराम मचा है।
जानकारी के अनुसार थाना गागलहेड़ी क्षेत्र के गांव बलियाखेड़ी निवासी 50 वर्षीय फैयाज पुत्र जाकिर किसी कार्य से गांव उमाही के पास राठी भट्ठे पर आया था। वह अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी करके लाक कर रहा था। तभी नागल की ओर से जा रही एक कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह दूर जा गिरा व उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक ने हेलमेट नहीं लगाया हुआ था। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को कार सहित पकड़ लिया। शव को पंचनामा भर पीएम के लिए भेजा गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।