कम नहीं हो रहा सर्दी का सितम
सहारनपुर। शीत लहर और कोहरे की वजह से जन-जीवन पूरी तरह प्रभावित है। सर्दी ने लोगों की कंपकंपी छुड़ा दी है। इस कारण सुबह और शाम के समय बाजार और सड़कें वीरान हो गईँ। वहीं, कोहरे के कारण ट्रेनों का संचालन भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। ट्रेनें तीन से दस घंटे की देरी से स्टेशन पर पहुंची रही हैं। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान पांच और अधिकतम 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। बुधवार के मुकाबले तापमान बढ़ा। लेकिन सर्द हवाओं के कारण अधिक ठंड महसूस की गई। शहर में कोहरा कुछ कम रहा। लेकिन देहात क्षेत्रों में सुबह 10 बजे तक कोहरा छाया रहा। धूप निकलने के बाजवूद लोग अपने आप को पूरी तरह गर्म कपड़ों में लपेटकर ही घर से बाहर निकले। बाजारों में सुबह और शाम के समय सन्नाटा पसरा रहा। ठंड की वजह से सरकारी दफ्तरों में भी चहल-पहल कम रही।
सर्दी की वजह से जिला अस्पताल में मरीजों के तीमारदारों को दिक्कत उठानी पड़ी। अलाव की पर्याप्त व्यवस्था न होने की वजह से लोगों को खुद ही लकड़ियों का इंतजाम कर सर्दी से बचने के जतन करने पड़े। वे भी कम रहे। उधर, ट्रेनों के देरी से पहुंचने की वजह से यात्रियों को इधर-उधर भटकना पड़ा। रेलवे स्टेशन के पूछताछ केंद्र पर यात्री ट्रेनों के समय की जानकारी लेते नजर आए। समय से ट्रेन न मिलने की वजह से यात्रियों को बसों में सफर तय करना पड़ा। मौसम विभाग का अनुमान है कि तापमान में अभी और गिरावट दर्ज की जाएगी। बारिश की कोई संभावना नहीं है। लेकिन कोहरा पड़ने के साथ शीत लहर चलेगी।
-----------------------------------
एक सप्ताह का तापमान
दिनांक-----------------न्यूनतम-----------------अधिकतम
27 दिसंबर-------------05------------------------18
26 दिसंबर-------------03------------------------17
25 दिसंबर-------------03------------------------19
24 दिसंबर-------------04------------------------20
23 दिसंबर-------------06------------------------18
22 दिसंबर-------------04------------------------19
21 दिसंबर------------04------------------------19
---------------------------------