सहारनपुर। संभागीय परिवहन विभाग की टीम ने ओवरलोड वाहनों एवं बिना परमिट चल रहे वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर ओवरलोडिंग के आरोप में 24 ट्रकों को सीज कर दिया। जबकि बिना टैक्स जमा कराए एवं परमिट बगैर चल रहे नौ वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
शुक्रवार को संभागीय परिवहन विभाग की टीम ने अंबाला रोड, देहरादून रोड एवं चिलकाना रोड पर चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग होते देख हड़कंप मच गया। वाहन चालकों ने चेकिंग के चलते वाहनों को दूर सड़क किनारे खड़ा कर दिया। कई वाहन चालकों ने अपना रास्ता की बदल दिया। फिर भी तीन सड़कों पर हुई चेकिंग में विभाग के अधिकारियों की टीम ने 24 ट्रकों कों ओवरलोडिंग के आरोप में पकड़ लिया। जिन्हें सीज कर दिया गया। यात्री कर अधिकारी राकेश मोहन ने बताया कि टीम ने अभियान के दौरान बिना टैक्स, बिना परमिट एवं बिना फ़िटनेस के चलने वाले नौ वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। टीम ने कार्रवाई के दौरान 3.80 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।